Showing posts with label कक्षा-8. Show all posts
Showing posts with label कक्षा-8. Show all posts

7. मेरी सच्ची ख़ुशी

गतिविधि का उद्देश्य: विद्यार्थियों का ध्यान इस ओर ले जाना कि सम्बन्धों से मिलने वाली ख़ुशी भौतिक वस्तुओं से मिलने वाली ख़ुशी से ज़्यादा महत्त्व पूर्ण है।
समय: कम से कम दो दिन अथवा शिक्षक के संतुष्ट होने तक
आवश्यक सामग्री: कोई विशेष सामग्री की आवश्यकता नहीं है।

शिक्षक के लिए नोट: अक्सर हम अपने आस पास मौजूद वस्तुओं में ख़ुशी ढूँढते हैं। खाने पीने की वस्तुओं से मिलने वाली खुशी,गाना सुनने से होने वाली खुशी,दोस्तों के साथ खेलने से मिलने वाली खुशी। विद्यार्थियों का ध्यान इस ओर ले जाएँ कि जब संबंध बिगड़ते हैं तो हम दुखी हो जाते हैं तब हमें संबंधों की कमी का एहसास होता है। विद्यार्थी यह समझ पाएँ कि सच्ची ख़ुशी हमारे संबंधों में ही है। विद्यार्थी यह भी समझ पाएँगे कि हमारी सारी आवश्यकताएँ सिर्फ वस्तुओं से पूरी नहीं हो सकती। हमें सच्ची खुशी संबंधों में जीने से ही प्राप्त होती है।

कक्षा की शुरुआत 2-3 मिनट श्वास पर ध्यान देने की प्रक्रिया से की जाए।

गतिविधि के चरण:
  • आज की चर्चा इस छोटी सी कहानी को सुना कर शुरू करें:
    • एक बालक अपने माता-पिता के साथ मेले में जाता है। मेले में भाँति-भाँति प्रकार के कपड़े, खिलौने, मिठाइयाँ, फूल आदि देख-देख कर अपने माता-पिता से उन्हें लेने की ज़िद करता है किंतु माता-पिता उसकी किसी माँग को पूरा नहीं करते। सारे रास्ते में उसका ध्यान इन्हीं चीजों पर लगा रहता है। इन्हीं वस्तुओं के पीछे भागते-भागते वह माता-पिता से बिछड़ जाता है। चारों कोनों में भागता है उन्हें ढूँढने के लिए और वे नहीं मिलते। खूब रोता बिलखता है। एक व्यक्ति उसे रोता देख कर उसे वह सब दिलाने का लालच देता है कि वह किसी तरह चुप हो जाए परन्तु वह चुप नहीं होता, रोता रहता है जब तक उसके माता पिता मिल नहीं जाते।
  • इस गतिविधि के लिए कक्षा के विद्यार्थियों को एक से पाँच तक गिनती बुलवाएँ जब पाँच तक गिनती गिन लें तो फिर से एक से पाँच तक गिनती बुलवाएँ ।
  • जिन विद्यार्थियों ने एक बोला हो उनका एक समूह बनेगा,दो बोलने वालों का दूसरा,तीन बोलने वालों का तीसरा,चार बोलने वालों का चौथा तथा पाँच बोलने वालों का पाँचवाँ समूह बनेगा।
  • विद्यार्थी समूह में अपनी आवश्यकताओं की एक मौखिक सूची बनाएँ।
  • शिक्षक उदाहरण के लिए कुछ वस्तुओं के नाम विद्यार्थियों को बता सकते हैं।जैसे: कार, घर, पानी, मम्मी,पापा इत्यादि।
  • विद्यार्थियों से कहें कि उनकी सूची में अलग-अलग तरह की आवश्यकताएँ भी हो सकती हैं।
  • शिक्षक सभी समूहों की सहायता से उनकी मौखिक सूची की वस्तुएँ ब्लैकबोर्ड पर लिखेंगे। ध्यान रहे कि कोई भी वस्तु दोहरायी न जाएँ।
पहला दिन: चर्चा के लिए प्रस्तावित प्रश्न
1. ब्लैकबोर्ड में लिखी हुई सूची की चीजों में से कौन-कौन सी वस्तुएँ जिंदा रहने के लिए ज़रूरी हैं?
2. सूची में आराम से रहने के लिए कौन कौन सी वस्तुएँ हैं?
3. यदि आपको यह सब मिल जाए तो क्या हम प्रसन्न हो जाएँगे?
4. यदि आपको सूची में लिखी सभी चीज़ें मिल जाए परंतु परिवार के सदस्य न हो तो क्या आप खुश होगे? जैसे माता-पिता, भाई-बहन, दोस्त आदि?
5. परिवार से मिलने वाली सबसे ज़रूरी चीजें क्या-क्या है?
6. आप कब ज़्यादा समय तक खुश होते हो? अपनी मन पसंद आइसक्रीम खाकर या अपने भाई बहनों के साथ खेलकर हो?

कक्षा के अंत में 1-2 मिनट, शांति से बैठकर आज की चर्चा के निष्कर्ष के बारे में विचार करें

क्या करें,क्या न करें:
  • शिक्षक प्रयत्न करें कि विद्यार्थियों को भौतिक आवश्यकताओं से संबंधों की ओर ले जाया जा सके।
  • शिक्षक ध्यान दें कि प्रत्येक विद्यार्थी गतिविधि में अपनी भागीदारी अवश्य करें।
  • विद्यार्थियों को चर्चा करने के लिए पर्याप्त समय दें।
----------------------------
  1. आओ मिलकर आकार बनाएँ
  2. चलो पिकनिक चलें
  3. देखो हम समान हैं
  4. धन्यवाद करें हम उनका
  5. मेरी पसंदीदा जगह
  6. मेरा हीरो कौन?
  7. मेरी सच्ची ख़ुशी
  8. मेरे सहयोगी
  9. मैं और प्रकृति
  10. मुझे ऐसा लगता है
  11. हैप्पीनेस वॉल
  12. ख़ुशी की रेखा
  13. मेरा भाव मेरी ख़ुशी
  14. प्रकृति की सैर
  15. आपका आभार
  16. मददगार
  17. गलती में अनेक सही में एक
  18. काला या सफेद
  19. सभी की भूमिका
  20. आवश्यकता तथा पसंद

6. मेरा हीरो कौन?

गतिविधि का उद्देश्य: विद्यार्थियों का ध्यान परिवार के किसी सदस्य के योगदान की ओर जाना और उनके प्रति आभारी होना।
समय: कम से कम दो दिन अथवा शिक्षक के संतुष्ट होने तक
आवश्यक सामग्री: काग़ज़ तथा पेंसिल

शिक्षक के लिए नोट: कई बार हम देखते हैं कि कुछ बच्चे ऐसा व्यवहार करते हैं जैसे कि उनके लिए उनके परिवार के सदस्य करते ही क्या हैं? या फिर वह जो भी करते हैं वह उनकी ज़िम्मेदारी है। इसलिए वह उनसे हर प्रकार के कार्यों को करने की मांग कर सकते है जैसे मेरे लिए नया बैग लाइए? मेरी किताबें कहाँ है? मेरे जूते पालिश क्यों नहीं किए,खाना अब तक क्यों नहीं बनाया? आदि। इस कारण कई बार वे अपने परिवार के सदस्यों से झुंझलाकर या आक्रोश में बात करते हैं इस गतिविधि से विद्यार्थियों का ध्यान अपने परिवार के सदस्यों द्वारा किए जा रहे कार्यों पर जाएगा। वे संबंधों के प्रति संवेदनशील होने के साथ-साथ स्वयं के लिए कार्य करने वाले लोगों के प्रति आभारी हों पाएँ ।

कक्षा की शुरुआत 2-3 मिनट श्वास पर ध्यान देने की प्रक्रिया से की जाए।

गतिविधि के चरण:
  • विद्यार्थियों को कक्षा में अपनी अपनी जगह पर खड़ा होने को कहें।
  • उन्हें कहें कि वे आपस निर्देशों का पालन करें।
  • शिक्षक जितनी ताली बजाएँ ,विद्यार्थी उतनी ही संख्या में इकट्ठे होकर समूह बनाएँ । जैसे: दो ताली बजाने पर वे दो दो का समूह बनाएँ । चार ताली पर चार के तथा, तीन ,छ:,पाँच ताली आदि।
  • शिक्षक जिस संख्या के विद्यार्थियों के समूह बनाना चाहते हैं उतनी ही ताली आखिरी में उतनी ही ताली बजाएँ ।
  • शिक्षक किसी अन्य प्रकार से भी विद्यार्थियों के समूह बना सकते हैं लेकिन ध्यान रखें कि रोज़ साथ बैठने वाले विद्यार्थी एक ही समूह में न हों।
  • प्रत्येक समूह को परिवार के किसी एक सदस्य को चुनने को कहें।
  • विद्यार्थी अपने समूहों में बैठें और चर्चा करें कि उनके द्वारा चुने गए सदस्य सुबह जागने से रात को सोने तक परिवार के लिए क्या क्या कार्य करते हैं?
  • अब उन्हें विकल्प दिया जाए कि वे उन कार्यों की मौखिक सूची बनाएँ या चित्र/रेखाचित्र के रूप में दर्शाएँ।
  • इस कार्य के लिए 5-7 मिनट का समय दिया जाए।)
  • जब बच्चे मौखिक सूची के बारे में बताएँ तो शिक्षक/शिक्षिका विभिन्न समूहों द्वारा चुने गए सदस्यों का नाम ब्लैकबोर्ड पर लिखकर उनके द्वारा किए गए कार्यों की सूची ब्लैकबोर्ड पर लिख लेंI
  • हर समूह से एक एक प्रतिनिधि बारी-बारी से सामने आकर अपने समूह की बातें साझा करे। प्रत्येक समूह की प्रस्तुति के लिए 1-2 मिनट दिया जाए।
पहला दिन: चर्चा के लिए प्रस्तावित प्रश्न
1. परिवार के कौन कौन से सदस्य घर के कार्यों में मदद करते हैं?
2. जिस दिन मम्मी बीमार होती है या किसी और कारण से घर का काम नहीं कर पाती है तो उनके सारे काम कौन करता है?
3. क्या आपने कभी घर के सदस्यों के साथ किसी कार्य को करने में मदद की है? कब और कैसे?
4. घर के कार्य किसी एक ही सदस्य द्वारा किया जाना ठीक है या सभी का मिलजुलकर कार्य करना?
5. जिन कार्यों में आपके परिवार वाले आपकी मदद करते हैं,उन कार्यों के बदले में क्या वे आपसे भी कुछ चाहते होंगे? (इस प्रश्न का उत्तर मिलना शुरू हो जाए तो बहुत बढ़िया। नहीं तो विद्यार्थियों के विचार को दिशा देने के लिए कुछ ऐसे प्रश्न किए जा सकते हैं
जैसे:-क्या वे चाहते होंगे कि
a. आप उनके काम में उनकी मदद करें?
b. आप उनकी सेवा करें?
c. आप उनसे प्यार से बात करें?
d. आप उन्हें धन्यवाद बोलें?
e. फिर वो ऐसा कुछ भी नहीं चाहते?
(यहाँ विद्यार्थियों को इस बात के लिए प्रोत्साहित किया जा सकता है कि घर जाकर वे अपने परिवार के सदस्यों से इस बारे में चर्चा करें। अगले दिन कक्षा में यह चर्चा इस मुद्दे पर बढ़ाई जा सकती है – उनकी क्या बातें हुईं और वे अपने परिजनों के साथ व्यवहार करते समय किन बातों का ध्यान रखेंगे।)

कक्षा के अंत में 1-2 मिनट, शांति से बैठकर आज की चर्चा के निष्कर्ष के बारे में विचार करें

क्या करें,क्या न करें:
  • शिक्षक इस बात पर ध्यान दें कि किसी के भी माता पिता के व्यवसाय या किसी भी कार्य पर कोई विशेष टीका टिप्पणी न हो और हर कार्य को सम्मान की दृष्टि से देखा जाए।
  • शिक्षक स्वयं भी गतिविधि में भाग लेकर गतिविधि को उद्देश्य तक पहुंचाएँ ।
  • मम्मी द्वारा किए जाने वाले कार्यों की सूची बनाने अथवा चित्र बनाने के लिए विद्यार्थियों को पर्याप्त समय दें।
----------------------------
  1. आओ मिलकर आकार बनाएँ
  2. चलो पिकनिक चलें
  3. देखो हम समान हैं
  4. धन्यवाद करें हम उनका
  5. मेरी पसंदीदा जगह
  6. मेरा हीरो कौन?
  7. मेरी सच्ची ख़ुशी
  8. मेरे सहयोगी
  9. मैं और प्रकृति
  10. मुझे ऐसा लगता है
  11. हैप्पीनेस वॉल
  12. ख़ुशी की रेखा
  13. मेरा भाव मेरी ख़ुशी
  14. प्रकृति की सैर
  15. आपका आभार
  16. मददगार
  17. गलती में अनेक सही में एक
  18. काला या सफेद
  19. सभी की भूमिका
  20. आवश्यकता तथा पसंद

2. तीन कोने (Three corners)

गतिविधि का उद्देश्य: सभी का ध्यान इस ओर जाना कि हमारे शरीर में कुछ क्रियाएँ अपने आप होती है और कुछ हम निर्णयपूर्वक करते हैं।।
समय: कम से कम दो दिन अथवा शिक्षक के संतुष्ट होने तक
आवश्यक सामग्री: कुछ नहीं

शिक्षक के लिए नोट: हमारे शरीर में कई प्रकार की क्रियाएँ स्वतः ही चलती रहती हैं। इनके लिए हमें कोई प्रयास नहीं करने पड़ते। ये सभी क्रियाएं हमारे शरीर के श्वास के लिए ज़रूरी हैं।कोई कोई क्रिया ऐसी होती है जिसके लिए हमें सोच समझकर निर्णय लेने पड़ते है।
ध्यान देने वाली बात यह है कि यह दो प्रकार की क्रियाएँ हैं ,पहली जो अपने आप होने वाली क्रियाएँ हैं जैसे भूख लगना। दूसरी क्रियाएँ, जो हम निर्णयपूर्वक करते हैं जैसे क्या ,कब और कितना खाना है। इस गतिविधि में दोनों प्रकार की क्रियाओं की तरफ ध्यान दिलाने का प्रयास किया गया है।

कक्षा की शुरुआत 2-3 मिनट श्वास पर ध्यान देने की प्रक्रिया से की जाए।

गतिविधि के चरण:
  • विद्यार्थियों के साथ ‘तीन कोने’ खेल खेला जाएगा।
  • कक्षा में तीन कोने निर्धारित कर दिए जाएँ ।
  • अब कुछ कथन बोलें, जो किसी स्थिति या कार्य को दर्शाएँगे।
  • विद्यार्थी अपने विवेक के आधार पर निर्धारित तीन कोनों में से किसी एक का चुनाव करके यह बताने का प्रयत्न करेंगे कि वह कार्य हमारे शरीर में अपने आप होते हैं, वे जानबूझ कर करते हैं अथवा उन्हें पता नहीं है।
  • तीन कोने जो निश्चित किए गए हैं उन पर टैग लगा सकते हैं:
    • 1 अपने आप
    • 2 जानबूझकर
    • 3 पता नहीं)
  • बोले जाने वाले कथन साथ ही बोर्ड पर लिखते जाएँ ।
  • दिए गए कथनों में से कुछ का चुनाव समय सीमा के अनुसार कर लें।
    • 1. भूख लगना
    • 2. साँस लेना
    • 3. क्रिकेट मैच खेलना
    • 4. विचार करना(सोचना)
    • 5. राह चलते आस पास की आवाज़ें सुनाई देना
    • 6. दोस्त बनाना
    • 7. समोसा खाना
    • 8. विचार आना
    • 9. भोजन पचना
    • 10. शरीर में रक्त प्रवाह
    • 11. बड़ों का आदर करना
    • 12. अध्यापक का कहना मानना
    • 13. माता पिता की सेवा करना
    • 14. किसी की मदद करना
    • 15. किसी को सलाह देना
    • 16. खुश होने के लिए कोई प्रयास करना
विद्यार्थियों को सोच समझकर अपना स्थान चुनने एवं साथियों के साथ चर्चा करके उसे बदलने का पूरा अवसर दें।

पहला दिन:

चर्चा के लिए प्रस्तावित प्रश्न
1. ऐसे कौन से कार्य हैं जिन पर आप एकदम फैसला ले पाए?
2 ऐसे कौन से कार्य हैं जिन पर फैसला लेने में आपको समय लगा?
3 ऐसे कौन से कार्य हैं जिन पर आप अंत तक फैसला नहीं ले पाए?
4 ऐसे कौन से कार्य हैं जिनके बिना शरीर जीवित नहीं रह पायेगा?
5 ऐसे कौन से कार्य हैं जिन्हें न भी करें तो शरीर जीवित ही रहेगा?
6यदि यह कार्य शरीर को जीवित रखने के लिए आवश्यक नहीं हैं, तो हम इन्हें क्यों करते हैं? (ये किसकी आवश्यकताएँ हैं?)
7 ऐसे कौन से कार्य है जो आपको लगता है कि अपने आप हो जाते है परंतु आप उन पर नियंत्रण चाहते हैं? यह नियंत्रण आप क्यों चाहते हैं?
8 ऐसे कौन से कार्य हैं जो आप जानबूझ कर करते हैं और आप उन पर नियंत्रण भी चाहते है? यह नियंत्रण आप क्यों चाहते हैं?

कक्षा के अंत में 1-2 मिनट शांति से बैठकर आज की चर्चा के निष्कर्ष के बारे में विचार करें।

-------------------------

  1. साँप सीढ़ी
  2. तीन कोने (Three corners)
  3. कितना सामान- कितना सम्मान
  4. आओ उपयोगिता बढ़ाएँ
  5. सहयोग
  6. साथी की अच्छी बात
  7. सामान महत्तवपूर्ण या लक्ष्य
  8. एक बार मैं, एक बार तुम
  9. आविष्कारों का उपहार
  10. ऐसे भी सोचें
  11. मेरी यात्रा क्या है?
  12. सम्मान/पहचान का आधार क्या
  13. मुझे अच्छा लगता है जब
  14. मेरी आवश्यकताएँ
  15. सुविधा के लिए नियम
  16. अच्छा है या नहीं
  17. गुस्सा- ताकत या कमज़ोरी
  18. करूँ या न करूँ
  19. मुझे खुशी हुई जब…
  20. अच्छा है या नहीं
  21. बूझो तो जानें

18. दूध में चीनी

उद्देश्य: विद्यार्थियों को परस्परता में जीने की समझ विकसित करना।
समय: कम से कम दो पीरियड अथवा शिक्षक के संतुष्ट होने तक

कहानी:
कई सदियों पुरानी बात है। एक छोटे देश पर आक्रमण हुआ। इसके कारण वहाँ के स्थायी लोगों को देश छोड़कर कहीं दूर जाना पड़ा। वे बड़ी संख्या में अपनी नावों में दूर नई जगह ढूँढने निकले और एक बड़े देश के तट पर पहुँचे। वहाँ पहुँचकर उन्होंने पनाह के लिए आग्रह किया। बड़े देश का राजा काफ़ी दयालु था, परंतु उनका यह मानना था कि उनके देश की ज़मीन पहले से ही लोगों से भरी हुई है और वे अधिक लोगों को समायोजित नहीं कर सकेंगे।
राजा ने उन्हें समझाने के लिए एक गिलास दूध भेजा जो पूरी तरह से भरा हुआ था। उन लोगों ने तुरंत संदेश को समझ लिया और राजा से एक चम्मच चीनी माँगी। उन्होंने दूध में चीनी घोल दी और राजा को गिलास वापस भेज दिया। इसके माध्यम से उन्होंने राजा को संदेश दिया कि वे शांतिप्रिय और धार्मिक लोग हैं जो अपने ज्ञान और परिश्रम से भूमि और समुदाय को समृद्ध बनाते हैं।
राजा उनके इशारे से बहुत प्रभावित हुए और उन्हें उपहार के साथ अपने देश में आने का स्वागत किया। उन्हें अपने नए घर में बसने में मदद भी की। इस तरह वे सभी अपने नए देश में दूध में चीनी की तरह मिल गए और उस देश को बेहतर बनाने में जुट गए।

पहला दिन: 
चर्चा के लिए प्रश्न: 
1. क्या कभी आपके साथ ऐसा हुआ है कि किसी के साथ रहने के बाद आपका उनके प्रति नज़रिया बदला हो?
2. क्या हमारे आसपास सब एक ही प्रकार के लोग हैं या अलग-अलग? हम एक-दूसरे से किस तरह समान हैं?
3. क्या हम संबंध समानताएँ देखकर बनाते हैं? हम संबंध किस आधार पर बनाते हैं?
4. क्या हम सबके लिए उपयोगी हो सकते हैं? कैसे?

घर जाकर देखो, पूछो, समझो (विद्यार्तियों के लिए): 1. घर जाकर अपने माता-पिता से चर्चा करके यह समझें कि आपके मोहल्ले में कहाँ-कहाँ से लोग आकर बसे हैं और क्या वे दूध में चीनी की तरह घुल गए हैं? 2. अगर हो सके तो घर वालों से यह भी चर्चा करें कि आपके मोहल्ले में पहले कौन आकर बसे और बाद में कौन लोग आए? क्या आज इस बात से मोहल्ले की ख़ुशहाली पर फ़र्क पड़ता है कि पहले कौन बसा और बाद में कौन आया? शिक्षक पहले पिछले दिन की डिस्कशन का फ़ीड्बैक लें और फिर इस प्रश्न पर थोड़ा और मनन कराया जाए कि क्या इस बात से फ़र्क पड़ता है कि पहले कौन आकर बसा और बाद में कौन आया। शिक्षक थोड़े उदाहरण दें कि कैसे हमारे देश से भी लोग बाहर जाकर बसे हैं - अफ़्रीका, कनाडा, सिंगापुर। वहाँ भारतियों की पूरी बस्तियाँ हैं। दुनिया का कोई कोना नहीं जहाँ हमारे देश के लोग जाकर ना बसे हों। वहाँ के समाज में दूध-चीनी की तरह मिल गए। हमारे देश में भी दुनिया भर के तमाम देशों से लोग आकर बसे और आज हम एक समाज हैं।

दूसरा दिन: 
  • कहानी की पुनरावृत्ति विद्यार्थियों द्वारा करवाई जाए। 
  • घर से मिले फीडबैक को विद्यार्थी छोटे समूहों में साझा कर सकते हैं। कुछ विद्यार्थियों को घर के अनुभव कक्षा में साझा करने के अवसर दिए जाएँ। 
  • पहले दिन के चिंतन के प्रश्नों का प्रयोग शेष विद्यार्थियों के लिए पुन: किया जा सकता है। 
चर्चा के लिए प्रश्न: 1. लोगों के साथ जीने में और बिलकुल अकेले जीने में क्या अंतर होगा? 2. हम अपने आपको दूसरों से अलग किस आधार पर मानते हैं?

क्या करें और क्या न करें: 
  • सभी को अभिव्यक्ति का अवसर दें और उनकी बात धैर्य से सुनें। 
  • शिक्षक यह देखे कि सभी विद्यार्थी चर्चा में भाग ले रहे हैं या नहीं। 
  • जो विद्यार्थी चर्चा में भाग लेने से संकोच कर रहे हैं उन्हें इसके लिए प्रेरित करे और उनका सहयोग करें।  
गतिविधि 2.1: हमारा योगदान गतिविधि का उद्देश्य: विद्यार्थियों को उपयोगी और ज़िम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना और अपनी उपयोगिता को जानकर होने वाली ख़ुशी का एहसास कराना।

समय: कम से कम दो पीरियड अथवा शिक्षक के संतुष्ट होने तक

गतिविधि के चरण: 
  • विद्यार्थियों को स्वेच्छा से 5-5 के समूह में बैठने को कहा जाए। 
  • अपने विद्यालय के वातावरण को बेहतर बनाने के लिए प्रत्येक समूह को अपने योगदान की एक योजना बनाने के लिए कहा जाए। योजना के मुख्य बिंदु- क्या, कब, कौन, कैसे आदि लिए जा सकते हैं। (5 मिनट) 
  • शिक्षक भी अपने लिए एक योजना बना सकते हैं और कक्षा के साथ साझा कर सकते हैं। 
  • प्रत्येक समूह अपनी योजना को कक्षा में प्रस्तुत करे। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत की गई योजनाओं की सराहना की जाए। (प्रत्येक समूह 3 मिनट) 
चर्चा के लिए प्रस्तावित प्रश्न: 
1. हमें विद्यालय के वातावरण को बेहतर बनाने के लिए योगदान क्यों देना चाहिए?
2. विद्यार्थियों के द्वारा विद्यालय में किस-किस प्रकार का योगदान दिया जा सकता है?
3. यदि सभी विद्यार्थी अपना-अपना योगदान दें तो इससे अपने विद्यालय में क्या-क्या बदलाव देखने को मिल सकते हैं?

क्या करें और क्या न करें (Dos and Don’ts): 
  • समूह की योजना को चार्ट पेपर पर बनवाकर कक्षा में या अन्य उपयुक्त स्थान पर प्रदर्शित किया जा सकता है। 
  • विद्यालय में स्वेच्छा से ज़िम्मेदारी लेने वाले विद्यार्थियों की प्रार्थना सभा में सराहना की जाए। 
  • शिक्षक द्वारा विद्यार्थियों के योगदान की योजना को विद्यालय में लागू करवाने में मदद की जाए। 
  • यदि यह गतिविधि एक पीरियड में पूरी न हो सके तो अगले दिन भी इसे जारी रख सकते हैं।


13. कौन बोल रहा है


उद्देश्य: विद्यार्थियों को जानने और मानने के बीच का अंतर स्पष्ट करना।
समय: कम से कम दो पीरियड अथवा शिक्षक के संतुष्ट होने तक

कहानी: 
ज्ञान की तलाश में घूमता हुआ एक युवा व्यक्ति किसी आश्रम में रहने के लिए आया। पंद्रह दिन आश्रम में रहने के बाद वह युवा ऊब गया। उसे ऐसा लगा कि अब उस आश्रम में उसके लिए कुछ भी नया सीखने के लिए नहीं बचा था। उसे लगा कि आश्रम के वृद्ध गुरु जी केवल पहले सुनी हुई बातों को ही रोज़ नियमपूर्वक दोहराते हैं, इसलिए वह उन्हें सुन-सुनकर ऊब गया था। उसने निर्णय किया कि अगले दिन सुबह वह आश्रम छोड़कर चला जाएगा।
उसी रात उसने देखा कि एक नया युवा संन्यासी भी घूमते हुए इसी आश्रम में आ पहुँचा था। रात के भोजन के बाद जब आश्रम में रहने वाले सभी शिष्यों की बैठक हुई तो उस नए संन्यासी ने दो घंटे तक बड़ी सूक्ष्म और ज्ञान की बातें की। इस नए संन्यासी की बातें सुनकर वह युवा व्यक्ति सोचने लगा कि यह कितना ज्ञानवान और जानकार है। इसकी बातें सुनकर तो गुरु जी भी चकित रह गए होंगे। तभी नए आए संन्यासी ने गुरु जी की ओर देखा और पूछा, “आपको मेरी बातें कैसी लगीं?” गुरु जी ने मुस्कराते हुए कहा, “बेटा, मैं तुम्हारी बातें सुनने के लिए बहुत देर से इंतज़ार कर रहा था, लेकिन तुमने तो अभी तक कुछ बोला ही नहीं।” गुरु जी की बात सुनकर वह संन्यासी झुँझलाकर बोला, “ लगता है शायद आपको सुनाई नहीं देता है। दो घंटे से मैं ही तो बोल रहा था।”
इस पर गुरु जी ने कहा, “वे तो तुम्हारे भीतर से शास्त्र बोल रहे थे, तुम्हारी मान्यताएँ बोल रही थीं, पर तुम तो ज़रा भी नहीं बोले। तुम्हारे भीतर से एक यंत्र की भाँति कुछ शब्द दोहराए जा रहे थे। इसमें तुम्हारा जाना हुआ और जीया हुआ कुछ भी नहीं था। पहले उन सूचनाओं और मान्यताओं को अपने जीने में परखो, महसूस करो और अपने अनुभव से जानो। जब वह तुम्हारा जाना हुआ बन जाएगा तब मैं कहूँगा कि तुम बोल रहे हो।”
गुरु जी की इस बात को सुनकर वह युवा व्यक्ति विचार करने लगा कि उसकी भी जो मान्यताएँ हैं, वह किस हद तक उसकी जानी हुई हैं या फिर उसने केवल सुनी सुनाई बातों को ही ज्ञान माना हुआ है।

चर्चा के लिए प्रश्न: 
1. क्या हमारे साथ भी कभी ऐसा होता है कि हम बिना बातों को समझे लोगों के सामने बस उन्हें दोहराते रहते हैं?
2. क्या कभी कक्षा में पढ़ते वक़्त हम विषयों को जाने-परखे बिना ही उन्हें मान लेते हैं? क्यों? 3. कक्षा के विषयों को सिर्फ़ मानने की बजाय जानने के लिए क्या किया जा सकता है?

घर जाकर देखो, पूछो, समझो (विद्यार्थियों के लिए): 
  • विद्यार्थियों से घर जाकर इस कहानी पर चर्चा करने और परिवार के अन्य सदस्यों के विचार व अनुभव जानने के लिए कहा जाए। 
  • ऐसी स्थिति में अपने विचार व भावों के प्रति सजग रहने के लिए कहा जाए ताकि आगे अपने अनुभवों को ईमानदारी से साझा किया जा सके। 
दूसरा दिन: 
  • कहानी की पुनरावृत्ति विद्यार्थियों द्वारा करवाई जाए। 
  • घर से मिले फीडबैक को विद्यार्थी छोटे समूहों में साझा कर सकते हैं। कुछ विद्यार्थियों को घर के अनुभव कक्षा में साझा करने के अवसर दिए जाएँ। 
  • पहले दिन के चर्चा के प्रश्नों का प्रयोग शेष विद्यार्थियों के लिए पुन: किया जा सकता है। 
चर्चा के लिए प्रश्न: 
1. हम कभी-कभी यह देखते या सुनते हैं कि ऐसे भी कुछ लोग होते हैं जो पढ़-लिख नहीं सकते हैं, लेकिन उनमें नए-नए आविष्कार करने की क्षमता होती है।
 2. क्या आप ऐसे किसी व्यक्ति को जानते हैं? इनमें यह काबिलियत कहाँ से आती होगी? चर्चा करें।
3. किसी बात को जानकर मानने से ही विश्वास होता है। बिना जाने मानने से विश्वास नहीं होता हैं।
4. अपने जीवन से उदाहरण देकर बताएँ कि किन-किन बातों पर आपको विश्वास है और किन-किन बातों को आप मानते तो हैं, लेकिन विश्वास नहीं है?

चर्चा की दिशा: अकसर हम सुनी-सुनाई बातों और विभिन्न माध्यमों से प्राप्त सूचनाओं को ही समझ या ज्ञान मानते हैं। हम बहुत-सी बातों को बिना जाने ही सही मान लेते हैं। इन बातों पर पूरा विश्वास नहीं रहता है, क्योंकि ये सही हो भी सकती हैं और नहीं भी।
जब सूचनाओं को अपने जीने में परख लेते हैं और अपने अनुभव से यह महसूस हो जाता है कि वे सही हैं तो उन्हें अपने जीवन में अपना लेते हैं। जब सूचनाएँ हमारे व्यवहार का हिस्सा हो जाती हैं तब ‘समझ’ कहलाती हैं। इस प्रकार जीने में प्रमाण के आधार पर जब वास्तविकताओं को जैसी हैं वैसी पहचान लेते हैं तो उसको ‘जानना’ कहते हैं।
इस कहानी के माध्यम से विद्यार्थियों को सुनी-सुनाई बातों को सिर्फ़ ‘मानने’ की बजाय ‘जानने’ के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया गया है।

------------------------------------------------
  1. अलेक्जेंडर और डायोगनीज
  2. मन के अंदर महल
  3. राबिया की सूई
  4. क्या असली तो क्या नकली
  5. कितनी ज़मीन
  6. अहंकार का कमरा
  7. पगड़ी
  8. मेरी पहचान
  9. अरुणिमा सिन्हा
  10. सुकरात के तीन सवाल
  11. तीन मज़दूर तीन नज़रिए
  12. निर्मल पानी
  13. कौन बोल रहा है
  14. पतंग की डोर 
  15. बड़ा आदमी
  16. भाई है बोझ नहीं 
  17. मिल-जुलकर 
  18. दूध में चीनी

11. तीन मज़दूर तीन नज़रिए


कहानी का उद्देश्य: यह स्पष्टता बनाना कि किसी काम को करके हम सुखी या दु:खी नहीं होते हैं बल्कि उस काम को करते समय हमारा भाव क्या है, यह हमारे सुखी या दु:खी होने का आधार बनता है। 

कहानी: 
कहीं पर एक स्कूल बन रहा था। तीन मज़दूर बैठे पत्थर तोड़ने का काम कर रहे थे। वहाँ से एक राहगीर गुज़रा। उसने पहले मज़दूर से पूछा, “क्या कर रहे हो?”। वह दु:खी मन से बोला, “पत्थर तोड़ रहा हूँ।” सच में वह मन में भी पत्थर ही तोड़ रहा था, इसीलिए वह दु:खी भी था।
राहगीर दूसरे मज़दूर के पास गया। वह दु:खी नहीं था। संतुलित था - न दु:खी न सुखी। राहगीर ने उससे पूछा, “क्या कर रहे हो?” उसने कहा, “रोज़ी-रोटी कमा रहा हूँ।” सच में वह मज़दूर रोज़ी-रोटी कमाने के लिए ही काम कर रहा था, इसीलिए उसके चेहरे पर न दु:ख था न सुख।
राहगीर तीसरे मज़दूर के पास पहुँचा। वह मज़दूर आनंदित था। वह पत्थर तोड़ते हुए गुनगुना रहा था। उसने अपना गीत बीच में रोक कर कहा, “मैं शिक्षा का मंदिर बना रहा हूँ। यहाँ बच्चे पढ़ेंगे।” यह कहते हुए उसकी आँखों में चमक थी। जीवन में काम करने के यही तीन तरीके हैं: पहला है - मज़बूरी में काम करना और दु:खी रहना। दूसरा है - रोज़ी-रोटी के लिए मशीन की तरह मेहनत करना और तीसरा है - अपने काम से दूसरे लोगों को होने वाले सुख से आनंदित रहना।
जीवन का आनंद जीने वाले की दृष्टि में होता है। वह अंदर से आता है बाहर से नहीं।

पहला दिन चर्चा के लिए प्रश्न: 
1. तीनों मज़दूरों में से कौन सबसे ज़्यादा समझदार या ख़ुशहाल मनःस्थिति में है? चर्चा करें।
2. पहले मज़दूर को अपने काम में कोई रुचि नहीं है और अगर उसे बिना काम किये मज़बूरी मिल जाए तो भी वह दु:खी ही रहेगा, क्योंकि वह दु:खी होने का कोई न कोई और कारण ढूँढ लेगा। सहमत/असहमत? चर्चा करें।
3. यदि आपको घर बैठे एक कमरे में सब सुविधा (जैसे TV, AC, खाना, आराम के लिए बिस्तर) उपलब्ध करा दिया जाए और आपको कह दें की आपको कमरे से कभी बाहर नहीं निकलना, हमेशा के लिए यह सब मिलता ही रहेगा। तो आपको कैसा लगेगा? सुखी होंगे या दु:खी होंगे? क्यों? चर्चा करें।
 4. यदि तीसरे मज़दूर को एक निरर्थक काम (जैसे एक कमरे से दस कुर्सी दूसरे कमरे में ले जानी, फिर वही दस कुर्सी वापस पहले कमरे में ले जानी, सुबह से शाम तक यही करते रहना) करने के लिए दे दिया जाता तो उसको कैसा लगता? वह अभी भी सुखी ही रहता या दु:खी हो जाता? चर्चा करें।
 5. उपयोगी काम पर थोड़ी चर्चा कर लें- जैसे, इस कहानी में स्कूल बनाना एक उपयोगी काम है और तीसरा मज़दूर उस उपयोगी काम में अपने योगदान को समझ रहा है इसीलिए वह ख़ुश है। कुछ अन्य उपयोगी काम के उदाहरण दें, जैसे - सफ़ाई करना, मिड डे मील बाँटना, पढ़ाना, घर में खाना बनाना। (शिक्षक के लिए नोट: आवश्यकता हो तो चर्चा करें की जो काम व्यवस्था को बनाएँ रखते या मज़बूत करते हैं उन्हें उपयोगी काम कहा जा रहा है)।

दूसरा दिन: 
  • पिछले दिन की कहानी की पुनरावृत्ति विद्यार्थियों द्वारा करवाई जाए। आवश्यकता पड़ने पर शिक्षक उसमें सहयोग कर सकते हैं। 
  • पिछले दिन के चर्चा के कुछ प्रश्नों का प्रयोग पुनर्विचार के लिए किया जाए। 
  • घर से मिले फीडबैक के आधार पर विद्यार्थी छोटे समूहों में बातचीत करें। उनके कुछ विचार पूरी कक्षा के सामने प्रस्तुत करवाए जा सकते हैं। 
चर्चा के लिए प्रश्न: 
1. क्या आपने अपनी माँ या पिताजी के भावों को एक ही काम करते हुए, अलग-अलग समय पर अलग-अलग पाया है?
2. क्या आपके साथ ऐसी स्थिति आई है कि अलग-अलग समय पर एक ही काम करते हुए, आपकी मन:स्थिति अलग रही हो? उदाहरण देकर बताइए।
3. ख़ुश होकर काम करने से ख़ुशी मिलेगी या काम करके आप ख़ुश होंगे? (अपने जीवन से कोई उदाहरण देकर बताओ कि कौन-कौनसे काम आप ख़ुश हो कर करते हो और किन-किन कामों मे आपको लगता है कि कर के ख़ुशी मिलेगी?) (शिक्षक के लिए नोट: ख़ुश होकर करने से आशय है उस काम की उपयोगिता की समझ होना। हम कोई भी काम क्यों कर रहे हैं, उसकी व्यवस्था में क्या भूमिका है, इस स्पष्टता से हम ख़ुश होते हैं)।
4. जिन कामों से आपको लगता है कि कर के ख़ुशी मिलेगी, क्या उन्हें ख़ुश हो कर भी किया जा सकता है, उदाहरण देकर समझाओ। (यदि बच्चों को कोई उदाहरण ढूँढने में मुश्किल हो रही हो तो टीचर इस उदाहरण से चर्चा शुरू कर सकते हैं: हम अपने मित्रों के साथ बाहर जाकर आइस-क्रीम खाने का प्रोग्राम बनाते हैं, तो ऐसा लगता है कि आइस-क्रीम खा कर हम ख़ुश होंगे। लेकिन ऐसा भी हो सकता है की हम मित्रों के साथ ख़ुश ही हैं। आइस-क्रीम नहीं खाई तो भी ख़ुश, और खा ली तो भी ख़ुश। दूसरा उदाहरण: आपके मित्र ने नए जूते लिए और वह नए जूते मिलने के कारण ख़ुश दिख रहा है। आपने नए जूते नहीं लिए और लेने की ज़रूरत भी नहीं लग रही तब भी आप ख़ुश ही हैं।)

क्या करें और क्या न करें: 
  • सभी को अभिव्यक्ति का अवसर दें और उनकी बात धैर्य से सुनें। 
  • शिक्षक यह देखें कि सभी विद्यार्थी चर्चा में भाग ले रहे हैं या नहीं। 
  • जो विद्यार्थी चर्चा में भाग लेने से संकोच कर रहे हैं उन्हें इसके लिए प्रेरित करे और उनका सहयोग करें। 
चर्चा की दिशा: हमारा और बच्चों का ध्यान इस तरफ़ जाए की किसी काम को करके हम सुखी या दु:खी नहीं होते हैं बल्कि उस काम को करते समय हमारा भाव क्या है उससे हम सुखी या दु:खी होते हैं।दूसरे शब्दों में कार्य की उपयोगिता और उसको करते समय व्यवस्था में उस काम की भूमिका को समझकर करने पर हमें ख़ुशी मिलती है।

------------------------------------------------
  1. अलेक्जेंडर और डायोगनीज
  2. मन के अंदर महल
  3. राबिया की सूई
  4. क्या असली तो क्या नकली
  5. कितनी ज़मीन
  6. अहंकार का कमरा
  7. पगड़ी
  8. मेरी पहचान
  9. अरुणिमा सिन्हा
  10. सुकरात के तीन सवाल
  11. तीन मज़दूर तीन नज़रिए
  12. निर्मल पानी
  13. कौन बोल रहा है
  14. पतंग की डोर 
  15. बड़ा आदमी
  16. भाई है बोझ नहीं 
  17. मिल-जुलकर 
  18. दूध में चीनी

17. मिल-जुलकर

उद्देश्य: छात्रों को परिवार में मिल-जुलकर रहने के महत्व से रूबरू कराना।
समय: कम से कम दो पीरियड अथवा शिक्षक के संतुष्ट होने तक

कहानी:
एक व्यक्ति के चार बेटे थे। वे आपस में खूब झगड़ा करते थे। वह व्यक्ति उन्हें खूब समझाता, परंतु वे कुछ भी न समझते। जब बातों के द्वारा वह अपने बच्चों के झगड़ों को रोकने में सफल नहीं रहा तो उसने कुछ प्रयोग करके इसका समाधान करने का निर्णय लिया।
एक दिन उसने अपने बेटों से कहा कि वह उसे लकड़ियों का एक बंडल लाकर दें। जब उन्होंने ऐसा किया तो उसने उनमें से प्रत्येक के हाथों में वह बंडल देकर उसे तोड़ने के लिए कहा। उन्होंने अपनी पूरी ताकत से कोशिश की और ऐसा करने में वे सफल नहीं हो पाए। उसने अगली बार बंडल खोला और एक-एक करके लकड़ियों को अलग-अलग किया और फिर उन लकड़ियों को अपने बेटों के हाथों में देकर उन्हें तोड़ने के लिए कहा। इस बार उन्होंने उन लकड़ियों को आसानी से तोड़ दिया।
अब वह व्यक्ति अपने बेटों से बोला, "बच्चों यदि तुम मिल-जुलकर एक रहोगे और एक-दूसरे की सहायता करने के लिए एकजुट रहोगे तो तुम अपने दुश्मनों के सभी प्रयासों को इस बंडल की तरह मज़बूत रहकर विफल कर सकते हो। यदि तुम आपस में बँटे रहोगे तो आसानी से टूट जाओगे और लोग तुम्हें नुकसान पहुँचा सकते हैं। ”

चर्चा के लिए प्रश्न: 
1. परिवार कब टूटते हैं जब पैसा नहीं होता या आपस में एकता नहीं होती?
2. चाहे क्रिकेट टीम हो या स्कूल की कोई खेल या म्यूज़िक आदि की टीम हो, भले ही उसमें कितने ही प्रतिभावान खिलाड़ी क्यों ना हो, क्या वह बिना एकता के कभी जीत सकती है?
3. क्या आप के साथ कभी ऐसा हुआ है जब आप मिल-जुलकर काम नहीं कर पाए और उसका नुकसान आपको उठाना पड़ा? ऐसा कोई उदाहरण दें और यह भी चर्चा करें के तब क्या निष्कर्ष निकला।
4. कब-कब आपने परिवार में मिलकर रहने से काम पूरे होते देखें, उदाहरण के साथ बताएँ।

 घर जाकर देखो, पूछो, समझो (विद्यार्थियों के लिए): अपने आस पड़ोस से ऐसे उदाहरण इकट्ठे करो जिनमें आपको मिल-जुलकर रहने का महत्व नज़र आता है। परिवार में भी इस विषय पर चर्चा करो।

दूसरा दिन: 
कहानी पर एक बार पूरी तरह से कक्षा में पुनरावृत्ति की जाए। कहानी की पुनरावृत्ति विद्यार्थियों द्वारा की जाए, आवश्यकता होने पर शिक्षक उसमें सहयोग कर सकते हैं। पहले दिन के चिंतन के प्रश्नों का प्रयोग शेष विद्यार्थियों के लिए पुन: किया जा सकता है।

चर्चा के लिए कुछ अन्य प्रश्न: 
1. किस प्रकार आप विद्यालय में मिल-जुलकर काम करते हैं और कार्य करने में सफल हो पाते हैं?
2. अपने गली मोहल्ले में मिलजुलकर किए गए कार्यों को साझा करें।

चर्चा की दिशा: यदि हम अपने परिवार, समाज, देश और इस धरती पर मिल-जुलकर रहें तो जीवन सुखी हो सकता है, क्योंकि सभी मानव सुख से जीना चाहते हैं और अपनेपन के साथ अखंड होकर जीने में ताक़त है और सुख भी है।

------------------------------------------------
  1. अलेक्जेंडर और डायोगनीज
  2. मन के अंदर महल
  3. राबिया की सूई
  4. क्या असली तो क्या नकली
  5. कितनी ज़मीन
  6. अहंकार का कमरा
  7. पगड़ी
  8. मेरी पहचान
  9. अरुणिमा सिन्हा
  10. सुकरात के तीन सवाल
  11. तीन मज़दूर तीन नज़रिए
  12. निर्मल पानी
  13. कौन बोल रहा है
  14. पतंग की डोर 
  15. बड़ा आदमी
  16. भाई है बोझ नहीं 
  17. मिल-जुलकर 
  18. दूध में चीनी

16. भाई है बोझ नहीं

उद्देश्य: विद्यार्थियों में पारिवारिक संबंधों मैं विश्वास रखने और उनके निर्वाह करने की क्षमता का विकास करना।
समय: कम से कम दो पीरियड अथवा शिक्षक के संतुष्ट होने तक

कहानी:
 दो मित्र कई साल बाद एक दिन अचानक मिले। दोनों ने एक-दूसरे का सुख-दुख पूछा। पहले मित्र ने बताया कि सब कुछ ठीक चल रहा है। दूसरा मित्र थोड़ा दु:खी था। उसने कहा कि पिछले वर्ष उसके पिताजी गुज़र गए। उसके बाद से छोटे भाई की फ़ीस का बोझ उसके सर पर आ पड़ा है बाकी तो सब ठीक चल रहा है। तभी उन्होंने सामने देखा एक पहाड़ी लड़की जिसकी उम्र कोई नौ-दस साल की थी, वह अपने छोटे भाई को कंधे पर उठाकर ऊपर चढ़ रही थी। पसीने से लथपथ, लेकिन लगातार ऊपर की ओर बढ़ रही थी।
जब इन दोनों मित्रों के पास से वह गुज़री तो उन्होंने सहानुभूति के स्वर में उस लड़की से कहा,‘‘बेटा तुम्हें पसीना आ रहा है। तुम भाई के बोझ से थक गई होगी। थोड़ी देर के लिए हम तुम्हारे भाई को गोद में उठा लेते हैं। तुम्हें थोड़ा आराम मिल जाएगा।’’ लड़की ने उन दोनों मित्रों की तरफ़ देखा और कहा ‘‘यह कैसी बात है, अंकल? बोझ आपके लिए होगा। मेरा तो छोटा भाई है बोझ नहीं।’’
लड़की का जवाब सुनते ही दोनों मित्रों को एहसास हुआ कि थोड़ी देर पहले वह कैसी बातें कर रहे थे। यह लड़की अपने भाई से अपने संबंध को समझती है और जहाँ संबंध होता है वहाँ बोझ कैसे हो सकता है? मित्र को अपने भाई के लिए अपनी गलत सोच का एहसास हो गया था। छोटी-सी लड़की ने उसे समझा दिया कि भाई-भाई होता है, बोझ नहीं।

पहला दिन: 
चर्चा के लिए प्रश्न: 
1. पहाड़ी बच्ची ने अपने भाई को बोझ क्यों नहीं माना? आप कौन से संबंधों को बोझ नहीं मानते? क्यों?
2. जिन संबंधों को आप मन से स्वीकार कर लेते हैं वह आपको बोझ क्यों नहीं लगते?
3. बोझ और ज़िम्मेदारी में क्या अंतर है?
4. रिश्ते को बोझ मानकर निर्वाह करने के तरीके में और रिश्ते को ज़िम्मेदारी मानकर निर्वाह करने के तरीके में क्या अंतर होता होगा?

दूसरा दिन: 
  • पिछले दिन की कहानी की पुनरावृत्ति विद्यार्थियों द्वारा करवाई जाए। आवश्यकता पड़ने पर शिक्षक उसमें सहयोग कर सकते हैं। 
  • पिछले दिन के चर्चा के कुछ प्रश्नों का प्रयोग पुनर्विचार के लिए किया जाए। 
  • घर से मिले फीडबैक के आधार पर विद्यार्थी छोटे समूहों में बातचीत करें। उनके कुछ विचार पूरी कक्षा के सामने प्रस्तुत करवाए जा सकते हैं। 
चर्चा के लिए कुछ अन्य प्रश्न: 1. पारिवारिक संबंधों मैं मधुरता लाने के लिए आप क्या-क्या प्रयास कर सकते है? अपने जीवन से उदाहरण दीजिए। (अगर बच्चों की तरफ़ से कोई स्पष्ट उत्तर ना आए तो कुछ संभावित उत्तर इस तरह भी हो सकते हैं- सॉरी बोलना, बातचीत करना, उनके साथ हंसी-ख़ुशी समय बिताना आदि।) 2. आप अपने परिवार मैं कौन-कौनसी ज़िम्मेदारी निभाते हैं और क्यों?

क्या करें और क्या न करें: 
  • सभी को अभिव्यक्ति का अवसर दें और उनकी बात धैर्य से सुनें। 
  • शिक्षक यह देखें कि सभी विद्यार्थी चर्चा में भाग ले रहे हैं या नहीं। 
  • जो विद्यार्थी चर्चा में भाग लेने से संकोच कर रहे हैं उन्हें इसके लिए प्रेरित करे और उनका सहयोग करें। 

15. बड़ा आदमी

कहानी का उद्देश्य: विद्यार्थियों में माता-पिता के प्रति आदर भाव विकसित करना और यह भावना भी विकसित करना कि किसी के प्रति कोई धारणा बनाने से पहले सोचें।
समय: कम से कम दो पीरियड अथवा शिक्षक के संतुष्ट होने तक

कहानी: 
एक परिवार में माता-पिता बड़ी मेहनत से अपने बच्चे को पढ़ाने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन बच्चा हमेशा अपनी क्लास के धनी मित्रों के महँगे मोबाइल, घड़ी आदि देखकर अपने मम्मी–पापा पर झुंझलाता रहता था। उसे एक बार मोटरसाइकिल लेने की धुन सवार हो गई। माता-पिता के पास पैसे नहीं थे। पापा के मना करने पर एक दिन वह बहुत गुस्सा हो गया और गुस्से में घर से चला गया। वह इतने ग़ुस्से में था कि ग़लती से पापा के ही जूते पहनकर निकल गया। मन में सोच रहा था कि बस आज घर छोड़ दूँगा। तभी लौटूँगा जब बड़ा आदमी बन जाऊँगा। अगर मुझे मोटरसाइकिल नहीं दिलवा सकते हैं तो मुझे इंजीनियर बनाने के सपने क्यों देखते हैं।
बच्चे ने पापा का पर्स उठा लिया, जिसे पापा किसी को हाथ तक नहीं लगाने देते थे। उसने सोचा पर्स में पैसे होंगे और पैसों के हिसाब-किताब की डायरी भी होगी। पता चल जाएगा कि पापा ने कितना पैसा कहाँ-कहाँ बचा कर रखा है।
बच्चा जैसे ही गली से आगे सड़क तक आया उसे लगा जूतों में कुछ चुभ रहा है। उसने जूता निकाल कर देखा कि जूते की कील निकली हुई थी। उसे दर्द तो हुआ, लेकिन ग़ुस्से में वह आगे बढ़ता चला गया। जैसे ही कुछ दूर चला पाँव में गीला-गीला लगा। सड़क पर पानी बिखरा पड़ा था। पाँव उठाकर देखा तो जूते का तला टूटा हुआ था। कील अलग से चुभ रही थी। जैसे-तैसे लंगड़ाकर बस स्टाप तक पहुँचा। जब काफ़ी देर तक कोई बस नहीं आई तो उसने सोचा क्यों न पर्स की तलाशी ले ली जाए। उसने पर्स खोला, उसमें एक पर्ची दिखाई दी जिसमें लिखा था- “मोबाइल के लिए 10 हजार उधार”। उसे याद आया कि पापा ने पिछले महीने जो मोबाइल लाकर दिया था, वह किसी से उधार लेकर आए थे।
उसने पर्स में मुड़ा हुआ दूसरा पन्ना देखा। उसमें उनके ऑफिस के किसी प्रोग्राम की हॉबी-डे की पर्ची थी। उसके पापा ने अपनी हॉबी लिखी थी- अच्छे जूते पहनना। उसने अपने पैरों में पहने पापा के जूतों को देखा तो उसे बहुत दु:ख हुआ। उसे याद आया कि माँ पिछले चार महीने से हर बार सैलरी आने पर पापा से कहती थी कि नए जूते ले लो। पापा हँसकर कहते थे कि अभी तो छह महीने और चलेंगे। अब मैं समझा कि जूते कितने और चलेंगे।
तीसरी पर्ची खोली। उसमें एक विज्ञापन था कि पुराना स्कूटर देकर बदले में नई मोटरसाइकिल लीजिए। यह पढ़ते ही उसका दिमाग घूम गया। इसका मतलब पापा अपने स्कूटर के बदले मेरी मोटर साइकिल -----------। वह घर की ओर दौड़ा। घर पहुँचा तो वहाँ न पापा थे न स्कूटर। वह सब समझ गया और तुरंत दौड़कर नज़दीकी मोटरसाइकिल एजेंसी पर पहुँचा। पापा वहीं थे। उसने पापा को गले लगा लिया। आँसुओं से उनका कंधा भिगो दिया। बोला, “मुझे नहीं चाहिए मोटरसाइकिल। बस आप नए जूते ले लो। मुझे बड़ा आदमी तो बनना है, मगर आप जैसा।’’

पहला दिन: 
चर्चा के लिए प्रश्न: 
1. क्या कभी आपने अपने माता पिता से बैठकर यह चर्चा की है कि वह घर के ख़र्चे चलाने के लिए या आपकी पढ़ाई या शौक का खर्च पूरा करने के लिए पैसे की व्यवस्था कैसे करते हैं? उनकी अपनी आमदनी क्या है? उनके ऊपर ख़र्चों की क्या-क्या ज़िम्मेदारियाँ हैं?
2. क्या आपने कभी अपने माता-पिता के साथ बैठकर इस पर चर्चा की है कि वह अपनी कमाई में से अपनी ज़रूरतों पर कितना पैसा खर्च करते हैं?
3. माता-पिता इतनी मुश्किलों के बावज़ूद संतान को क्यों पढ़ाना-लिखाना चाहते हैं?
4. क्या आपने किसी से प्रभावित होकर अपने माता-पिता से कोई मांग की है? उदाहरण सहित बताइए।
5. क्या जीवन में सफलता पाने के लिए महँगे मोबाइल, घड़ी, साइकिल जैसी वस्तुएँ अनिवार्य हैं? क्यों? घर जाकर देखो, पूछो, समझो (विद्यार्थियों के लिए): विद्यार्थियों को यह कहा जाए कि वह घर जा कर अपने परिवार में आज की इस कहानी की चर्चा करें और अपने परिवार के सदस्यों के विचार भी जाने। साथ ही परिवार के सदस्यों के साथ ऊपर लिखे प्रश्नों पर भी चर्चा करें।

दूसरा दिन:
  • पिछले दिन की कहानी की पुनरावृत्ति विद्यार्थियों द्वारा करवाई जाए। आवश्यकता पड़ने पर शिक्षक उसमें सहयोग कर सकते हैं। 
  • पिछले दिन के चर्चा के कुछ प्रश्नों का प्रयोग पुनर्विचार के लिए किया जाए। 
  • घर से मिले फीडबैक के आधार पर विद्यार्थी छोटे समूहों में बातचीत करें। उनके कुछ विचार पूरी कक्षा के सामने प्रस्तुत करवाए जा सकते हैं। 
चर्चा के लिए प्रश्न: 
1. क्या कभी ऐसा हुआ है कि आपने कभी किसी के बारे में बिना पूरी बात जाने कोई धारणा बनाई हो, और बाद में वह ग़लत साबित हुई हो? तब आपने क्या किया? उदाहरण सहित बताइए I
2. आपको क्या लगता है कि जीवन में सफल होने के लिए क्या होना अनिवार्य है? क्यों?

------------------------------------------------
  1. अलेक्जेंडर और डायोगनीज
  2. मन के अंदर महल
  3. राबिया की सूई
  4. क्या असली तो क्या नकली
  5. कितनी ज़मीन
  6. अहंकार का कमरा
  7. पगड़ी
  8. मेरी पहचान
  9. अरुणिमा सिन्हा
  10. सुकरात के तीन सवाल
  11. तीन मज़दूर तीन नज़रिए
  12. निर्मल पानी
  13. कौन बोल रहा है
  14. पतंग की डोर 
  15. बड़ा आदमी
  16. भाई है बोझ नहीं 
  17. मिल-जुलकर 
  18. दूध में चीनी

14. पतंग की डोर

उद्देश्य: कहानी के माध्यम से विद्यार्थी समझ पाएँगे कि संबंध बंधन नहीं है बल्कि संबंधों मे रहना ही सुख की अनुभूति है।
समय: कम से कम दो पीरियड अथवा शिक्षक के संतुष्ट होने तक

कहानी: 
एक दिन मंजीत अपने पिता के साथ छत पर पतंग उड़ाना सीख रहा था। मंजीत के पिता ने पतंग को थोड़ा ऊँचाई देकर उसकी डोर मंजीत के हाथ में दे दी। जल्द ही उसकी पतंग आकाश में ऊँची उड़ गई। थोड़ी देर के बाद मंजीत ने पूछा, "क्या ऐसा नहीं लगता कि यह पतंग आज़ाद होकर आकाश में और ऊँचा उड़ना चाहती है, लेकिन हमारे हाथ में जो इसकी डोर है, वह इसे और ऊँचा उड़ने से रोक रही है। अगर हम इस दौर को छोड़ दें तो यह पतंग आकाश में और ऊँचा उड़ सकती है।” ऐसा कहकर मंजीत ने अपने पिता से पूछा कि क्या हम इस डोर को तोड़ दें?
पिता जी ने कुछ कहे बिना धागा काट दिया। पतंग ने थोड़ा ऊँचा जाना शुरू कर दिया। इससे मंजीत बहुत ख़ुश हुआ। थोड़ी ही देर में पतंग धीरे-धीरे नीचे आना शुरू हो गई और जल्द ही वह एक घर की छत पर गिर गई। मंजीत को यह देखकर आश्चर्य हुआ। पिता ने मंजीत के कंधे पर प्यार से हाथ रखा और मुस्कराकर बोले “मैं पहले से जानता था कि अगर हम डोर काट देंगे तो पतंग गिर जाएगी। डोर से बंधे रहने के कारण पतंग को सही दिशा मिलती है और वह ऊँचा उड़ पाती है।” मंजीत ने थोड़े आश्चर्य से पूछा कि आप अगर जानते थे तो फिर आपने मेरे कहने पर पतंग की डोर क्यों काट दी थी। पिता ने कहा कि मैं चाहता था कि इस पतंग से तुम भी कुछ अपने बारे में सीख ले लो। मंजीत ने पूछा कि क्या सीख लेनी चाहिए। पिता ने कहा कि हमारा परिवार और हमारे संबंध इस डोर की तरह ही हमें बांधे रहते हैं। हम जब आगे बढ़ते हैं, ऊँचा उठते हैं तो यही संबंध ज़रूरत पड़ने पर हमें ढील देते हैं और ज़रूरत पड़ने पर हमारी डोर को खींच लेते हैं ताकि हम अपना रास्ता न भटकें। परिवार की डोर से बंधकर ही हमें इस खुले आसमान जैसे संसार में सफलतापूर्वक जीने के लिए सही दिशा मिलती है।

चर्चा के लिए प्रश्न: 
1. कई बार परिवार के बड़े लोग बच्चों को टोकते या समझते रहते हैं। क्यों समझाते हैं? आपको क्या लगता है ऐसा करने से उन्हें क्या मिलता होगा?
2. एक ऐसी घटना का उदाहरण दें जब किसी परिवार के सदस्य ने आपको कुछ समझाया हो और उस समय उनकी वह बात आपको अच्छी नहीं लगी पर उनकी बात मानने के बाद आपने यह महसूस किया कि आपको फायदा हुआ।
3. क्या कभी आपने अपने परिवार में अपने माता पिता की आप बड़े भाई बहन से यह जानने की कोशिश की है कि जब वह बच्चे थे तब उनको भी अपने माता पिता का पतंग की डोर की तरह हर वक्त नियंत्रित करने का व्यवहार उन्हें कैसा लगता था?

घर जाकर देखो, पूछो, समझो (विद्यार्थियों के लिए): 
  • घर जाकर बच्चे अपने माता-पिता या बड़े भाई बहन से यह जानने की कोशिश करें कि जब वह बच्चे थे तो क्या उन्हें भी उस वक्त अपने माता-पिता का व्यवहार पतंग की डोर की तरह बंधन जैसा लगता था? 
  • क्या वह भी उस समय ऐसा सोचते थे कि अगर हमारी यह डोरियाँ खुल जाएँ तो हम बहुत ऊँचा उड़ सकते हैं. 
  • उनसे यह भी जानने की कोशिश करें कि आज वह उसके बारे में क्या सोचते हैं? 
  • बच्चे यह भी ध्यान दे कि कब-कब और किस-किस ने आपको कुछ समझाने का प्रयास कियाl ऐसे में उस व्यक्ति के साथ आप का क्या संबंध है? इस बारे में सोचेंl उस संबंध में होने के कारण आपको कितनी ख़ुशियाँ मिली हैं इस पर भी ध्यान दें 
 दूसरा दिन: 
पिछले दिन की कहानी पर एक बार पूरी तरह से कक्षा में पुनरावृत्ति की जाए। घर से मिले फीडबैक के आधार पर पिछले दिन के चर्चा के प्रश्नों को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थी छोटे समूह में बातचीत करेंगे। पहले दिन के चर्चा के प्रश्नों का प्रयोग शेष विद्यार्थियों के लिए पुन: किया जा सकता है।

चर्चा के लिए कुछ अन्य प्रश्न: 
1. ऐसी घटना बताओ जब आपके प्रियजनों ने आपको सही राह दिखा दी और आप गलत रास्ते पर जाने से बच गए।
2. क्या ऐसे संबंध सभी के लिए ज़रूरी हैं जिनमें समय-समय पर हमें गलत काम करने से रोकने वाले लोग या निराशा वाली स्थिति में हमें प्रोत्साहन देने वाले लोग हमारे साथ हमेशा बने रहे, इस पर चर्चा करें।

चर्चा की दिशा: हम सब किसी न किसी संबंध में जुडे हैं। यह संबंध कभी कभी बंधन की तरह लगने लगते हैं। एक अनदेखी डोर जो हमें एक-दूसरे से बांधे रखती है वही हमें सही दिशा दिखाती है। एक पतंग डोर से बँधकर ही सही दिशा में ऊँचा उड़ पाती है। डोर से कट जाने के बाद उसका उड़ना बंद हो जाता है, किंतु ध्यान रखने योग्य बात है कि यदि उस पतंग की डोर किसी जानकार व्यक्ति के हाथ में आ जाए तो फिर से खुला आसमान है उसके उड़ने के लिए और वह नई ऊँचाइयों को छूती है।  

------------------------------------------------
  1. अलेक्जेंडर और डायोगनीज
  2. मन के अंदर महल
  3. राबिया की सूई
  4. क्या असली तो क्या नकली
  5. कितनी ज़मीन
  6. अहंकार का कमरा
  7. पगड़ी
  8. मेरी पहचान
  9. अरुणिमा सिन्हा
  10. सुकरात के तीन सवाल
  11. तीन मज़दूर तीन नज़रिए
  12. निर्मल पानी
  13. कौन बोल रहा है
  14. पतंग की डोर 
  15. बड़ा आदमी
  16. भाई है बोझ नहीं 
  17. मिल-जुलकर 
  18. दूध में चीनी

12. निर्मल पानी


समय: कम से कम दो पीरियड अथवा शिक्षक के संतुष्ट होने तक
उद्देश्य: विद्यार्थियों को धैर्य और शांत मन के महत्त्व से अवगत कराना।

कहानी:
एक बार एक संत अपने एक शिष्य के साथ कहीं जा रहे थे। रास्ते में काफ़ी चलने के बाद उन्हें प्यास लगी तो वे एक पेड़ के नीचे आराम करने के लिए रुक गए।
शिष्य पास की छोटी नदी से पानी लेने चला गया। जब वह वहाँ पहुँचा तो देखा कि अभी-अभी कुछ पशु नदी से दौड़कर निकले थे जिससे नदी का पानी गंदा हो गया था। पशुओं की भाग-दौड़ से नदी के पानी में कीचड़ और सड़े हुए पत्ते उभरकर ऊपर की ओर आ गए थे। गंदगी को देखकर शिष्य बिना पानी लिए लौट आया। उसने गुरु से कहा कि यहाँ पर नदी का पानी साफ़ नहीं है। मुझे थोड़ा ऊपर की ओर जाकर पानी लाना होगा। गुरु ने उससे कहा कि ऊपर से पानी लाने में देर लगेगी। एक बार फिर वहीं पर जाओ और पानी ले आओ।
शिष्य थोड़ी देर बाद फिर खाली लौट आया। पानी अब भी गंदा था, लेकिन गुरु ने फिर से उसे वहीं से पानी लाने भेज दिया। तीसरी बार जब शिष्य नदी पर पहुँचा तो चकित रह गया। नदी अब बिल्कुल साफ़ और शांत दिख रही थी। कीचड़ नीचे बैठ गया था और पानी एकदम निर्मल हो गया था। इस बार शिष्य पानी लेकर आ गया।
शिष्य ने गुरु से पूछा कि आपको यह कैसे पता था कि इस बार अवश्य ही साफ़ पानी मिलेगा। गुरु ने उसे बताया कि प्रकृति में कोई भी विषम परिस्थिति लंबे समय तक नहीं बनी रह सकती है। ऐसा हमारे मन के साथ भी होता है। जब किसी घटना या विचार से हमारा मन विचलित हो जाता है तो काफ़ी देर तक उथल-पुथल का ही माहौल रहता है जैसा उस नदी में था। यदि शांति और धीरज से काम लें तो सभी समस्याओं का समाधान ढूँढा जा सकता है।

पहला दिन: 
चर्चा के लिए प्रश्न: 
1. जब आपका मन गुस्से या दुःख की वज़ह से विचलित होता है उस समय आपके द्वारा लिया गया निर्णय अधिकतर सही होता है या गलत? क्यों?
2. शांत मन और अशांत मन से लिए गए निर्णयों में क्या अंतर होता है? दोनों स्थितियों के एक-एक उदाहरण देकर बताएँ।

घर जाकर देखो, पूछो, समझो (विद्यार्थियों के लिए): 
  • विद्यार्थियों से घर जाकर इस कहानी पर चर्चा करने और परिवार के अन्य सदस्यों के विचार व अनुभव जानने के लिए कहा जाए। 
  • विद्यार्थियों को विचलित मन की स्थिति में अपने विचारों और निर्णयों के प्रति सजग रहने के लिए कहा जाए ताकि वे आगे अपने अनुभवों को ईमानदारी से साझा कर सकें।
दूसरा दिन: 
  • कहानी की पुनरावृत्ति विद्यार्थियों द्वारा करवाई जाए। पुनरावृत्ति के लिए एक या कई विद्यार्थियों से कहानी सुनना, रोल प्ले करना, जोड़े में एक-दूसरे को सुनाना आदि विविध तरीके अपनाए जा सकते हैं। 
  • घर से मिले फीडबैक को विद्यार्थी छोटे समूहों में साझा कर सकते हैं। कुछ विद्यार्थियों को घर के अनुभव कक्षा में साझा करने के अवसर दिए जाएँ। 
  • पहले दिन के चर्चा के प्रश्नों का प्रयोग शेष विद्यार्थियों के लिए पुन: किया जा सकता है। 
चर्चा के लिए कुछ अन्य प्रश्न: 
1. किसी प्रतिक्रिया में लिए गए निर्णय से आपको क्या-क्या नुकसान हुआ? आप अपने साथ हुई किसी घटना का उदाहरण देकर साझा करें।
2. अपने जीवन से किसी घटना को साझा करते हुए बताइए कि कैसे प्रतिक्रिया वश लिया गया निर्णय बाद में आपको ही स्वीकार नहीं हुआ? शांत मन से सोचने पर उस घटना के लिए अब आपको क्या निर्णय उपयुक्त लगता है?

चर्चा की दिशा: प्रकृति में कोई भी विषम परिस्थिति लंबे समय तक नहीं बनी रह सकती है। जैसे, हम लंबे समय तक लगातार गुस्से में नहीं रह सकते हैं। हम हमेशा हमारे मन की स्थिति शांत चाहते हैं। शांत स्थिति में ही सही निर्णय ले पाते हैं। किसी प्रतिकूल या विषम परिस्थिति में हमारा मन विचलित हो जाता है और उस स्थिति में प्रतिक्रिया वश लिया गया निर्णय अधिकतर सही नहीं होता है। बाद में हमें ही वह निर्णय स्वीकार नहीं होता है। अत: विचलित मन:स्थिति में निर्णय न लेकर शांत मन से निर्णय लिया जाए तो बाद में हमें पछतावा नहीं होगा।

------------------------------------------------
  1. अलेक्जेंडर और डायोगनीज
  2. मन के अंदर महल
  3. राबिया की सूई
  4. क्या असली तो क्या नकली
  5. कितनी ज़मीन
  6. अहंकार का कमरा
  7. पगड़ी
  8. मेरी पहचान
  9. अरुणिमा सिन्हा
  10. सुकरात के तीन सवाल
  11. तीन मज़दूर तीन नज़रिए
  12. निर्मल पानी
  13. कौन बोल रहा है
  14. पतंग की डोर 
  15. बड़ा आदमी
  16. भाई है बोझ नहीं 
  17. मिल-जुलकर 
  18. दूध में चीनी

10. सुकरात के तीन सवाल


उद्देश्य: बच्चों को सार्थक (समझदारी वाली) बातचीत के लिए प्रेरित करना।
समय: कम से कम दो पीरियड अथवा शिक्षक के संतुष्ट होने तक

कहानी:
प्राचीन यूनान में सुकरात नाम के विद्वान हुए हैं। वे बहुत ही ज्ञानवान और विनम्र थे। एक बार वे बाजार से गुज़र रहे थे तो रास्ते में उनकी मुलाकात एक परिचित व्यक्ति से हुई। उस सज्जन ने सुकरात को रोककर कुछ बताना शुरू किया। वह बताने लगा, “क्या आप जानते हैं कि कल आपका मित्र आपके बारे में क्या कह रहा था?”
सुकरात ने उस व्यक्ति की बात को वहीं रोकते हुए कहा, “सुनो, भले व्यक्ति! मेरे मित्र ने मेरे बारे में क्या कहा यह बताने से पहले तुम मेरे तीन छोटे प्रश्नों का उत्तर दो। उस व्यक्ति ने आश्चर्य से कहा – “तीन छोटे प्रश्न?”
सुकरात ने कहा, “हाँ, तीन छोटे प्रश्न।”
पहला प्रश्न तो यह है कि तुम मुझे जो कुछ भी बताने जा रहे हो क्या वह पूरी तरह से सही है?
उस आदमी ने जवाब दिया, “नहीं, मैंने अभी-अभी यह बात सुनी है।”
सुकरात ने कहा, “कोई बात नहीं, इसका मतलब यह है कि तुम्हें नहीं पता कि तुम जो कहने जा रहे हो वह सच है या नहीं।”
अब मेरे दूसरे प्रश्न का जवाब दो कि जो कुछ तुम मुझे बताने जा रहे हो क्या उसमें कोई सार्थकता है?
उस आदमी ने तुरंत कहा, “नहीं।”
सुकरात बोले ठीक है। अब मेरे आख़िरी प्रश्न का और जवाब दो कि जो कुछ तुम मुझे बताने जा रहे हो क्या वह मेरे लिए उपयोगी है?
वह व्यक्ति बोला, “नहीं, उस बात में आपके काम आने जैसा तो कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा है।” तीनों प्रश्नों के उत्तर सुनने के बाद सुकरात बोले, “ऐसी बात जो सुनी-सुनाई है, जिसमें कोई सार्थकता नहीं है और जिसकी मेरे लिए कोई उपयोगिता नहीं है उसे सुनने से क्या फ़ायदा?”

पहला दिन: 
चर्चा के लिए प्रश्न: 
1. हम अपनी रोज़मर्रा की ज़िंदगी में जो भी बातचीत करते हैं, क्या उसका निर्णय इन तीन सवाल के आधार पर लेते हैं? चर्चा करें।
2. हमारी बहुत सी बातों में यह तीन विशेषताएँ न होते हुए भी हम ऐसी बातें क्यों करते हैं?
3 . उदाहरण देकर बताओ कि हाल ही में आपने कौनसी ऐसी बातें की जिनमें ये तीनों विशेषताएँ थीं।

घर जाकर देखो, पूछो, समझो (विद्यार्थियों के लिए): 
  • विद्यार्थियों से घर जाकर इस कहानी पर चर्चा करने और परिवार के अन्य सदस्यों के विचार व अनुभव जानने के लिए कहा जाए। 
  • विद्यार्थियों को अपने मित्रों से उनकी उन आदतों के बारे में चर्चा करने के लिए कहा जाए जो वे छोड़ना चाहते हैं। 
दूसरा दिन: 
  • कहानी की पुनरावृत्ति विद्यार्थियों द्वारा करवाई जाए। 
  • घर से मिले फीडबैक को विद्यार्थी छोटे समूहों में साझा कर सकते हैं। कुछ विद्यार्थियों को घर के अनुभव कक्षा में साझा करने के अवसर दिए जाएँ। 
  • पहले दिन के चर्चा के प्रश्नों का प्रयोग शेष विद्यार्थियों के लिए पुन: किया जा सकता है। 
चर्चा के लिए प्रश्न: 
1. यदि हम बातचीत में हमेशा इन तीनों बातों का ध्यान रखें तो इससे हमारी बातचीत पर क्या असर पड़ेगा? इससे हमें और हमारे मित्रों/परिवारजनों को क्या फ़ायदा होगा?
2. “दूसरों के गुणों की चर्चा करने से हमारी उन्नति होती है और दूसरों के अवगुणों की चर्चा करने से हमारी अवनति होती है।” सहमत/असहमत? चर्चा करें। चर्चा की दिशा: हम रोज़मर्रा कि ज़िंदगी में देखें कि जब हम फ़ुरसत में होते हैं तो हमारी बातचीत का विषय क्या होता है और इससे हमें क्या फ़ायदा होता है? अधिकतर लोगों की ज़्यादातर बातचीत दूसरों की कमियों को लेकर होती हैं। इसकी आदत होने पर नज़रिया नकारात्मक हो जाता है। नकारात्मक नज़रिए वाले लोग हमेशा दुःखी रहते हैं और दूसरे लोग इनसे धीरे-धीरे दूर होने लगते हैं। हमारी बातचीत का हमारी ज़िंदगी में बहुत प्रभाव पड़ता है। दूसरों के गुणों की चर्चा करने से हमारी उन्नति होती है और दूसरों के अवगुणों की चर्चा करने से हमारी अवनति होती है। इन प्रश्नों के माध्यम से विद्यार्थियों को सार्थक और उपयोगी बातचीत करने के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया गया है।

क्या करें और क्या न करें: 
  • सभी को अभिव्यक्ति का अवसर दें और उनकी बात धैर्य से सुनें। 
  • शिक्षक यह देखें कि सभी विद्यार्थी चर्चा में भाग ले रहे हैं या नहीं। 
  • जो विद्यार्थी चर्चा में भाग लेने से संकोच कर रहे हैं उन्हें इसके लिए प्रेरित करे और उनका सहयोग करें।
------------------------------------------------
  1. अलेक्जेंडर और डायोगनीज
  2. मन के अंदर महल
  3. राबिया की सूई
  4. क्या असली तो क्या नकली
  5. कितनी ज़मीन
  6. अहंकार का कमरा
  7. पगड़ी
  8. मेरी पहचान
  9. अरुणिमा सिन्हा
  10. सुकरात के तीन सवाल
  11. तीन मज़दूर तीन नज़रिए
  12. निर्मल पानी
  13. कौन बोल रहा है
  14. पतंग की डोर 
  15. बड़ा आदमी
  16. भाई है बोझ नहीं 
  17. मिल-जुलकर 
  18. दूध में चीनी

9. अरुणिमा सिन्हा


कहानी का उद्देश्य: विद्यार्थियों का ध्यान स्वयं के प्रति विश्वास के महत्व की ओर ले जाना और शारीरिक बल एवं मनोबल की ओर ध्यान ले जाना।
समय: कम से कम दो पीरियड अथवा शिक्षक के संतुष्ट होने तक

कहानी: 
अरुणिमा सिन्हा उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर की निवासी हैं और 2012 से केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में सेवारत है। वह राष्ट्रीय स्तर की वॉलीबाल खिलाड़ी रही हैं। अप्रैल 2011 में लखनऊ से दिल्ली जाते समय बरेली के निकट ट्रेन में कुछ लोगों ने उनका बैग और सोने की चेन खींचने का प्रयास किया। अरुणिमा ने उनका डटकर मुकाबला किया, लेकिन उन्हें ट्रेन से बाहर धक्का दे दिया गया जिसके कारण उसने अपना एक पैर गँवा दिया।
अरुणिमा ने माउंट एवरेस्ट की ऊँचाई को छूने का मन बना लिया था। इसके लिए उसे ऊर्जा देने का काम एक टी वी शो “टू डू समथिंग” ने किया था। अरुणिमा को बड़ी प्रेरणा क्रिकेटर युवराज सिंह से मिली, जिन्होंने कैंसर जैसी बीमारी को हराकर फिर से अपने देश के लिए खेलने का ज़ज़्बा दिखाया था। बछेंद्री पाल ने अरुणिमा से कहा था, “अरुणिमा तुमने इस हालत में एवरेस्ट श्रृंखला की ऊँचाई को छूने का मन बना लिया है अब तो सिर्फ़ लोगों को दिखाना रह गया है।” शारीरिक चुनौती और प्रतिकूल परिस्थितियों के बावज़ूद अरुणिमा ने गज़ब के साहस का परिचय दिया। 21 मई 2013 को दुनिया की सबसे ऊँची पर्वत चोटी माउंट एवरेस्ट को फ़तह कर एक नया इतिहास रचा। अरुणिमा के मज़बूत इरादों ने उन्हें यहीं नहीं रुकने दिया। उसने सातों महाद्वीपों की सबसे ऊँची पर्वत चोटियों को फ़तह कर दुनिया को मन की ताकत से अवगत करा दिया। पहली भारतीय दिव्यांग महिला का यह रिकार्ड सभी के लिए प्रेरणा बन गया।

  पहला दिन: चर्चा के लिए प्रश्न: 
1 . किसी भी कार्य को संपन्न करने के लिए केवल शरीर की ताकत की आवश्यकता होती है या मन की ताकत की भी आवश्यकता होती है? चर्चा करें।
2.क्या दूसरे ही हमारा मनोबल बढ़ा सकते हैं या हम स्वयं भी अपना मनोबल बढ़ा सकते हैं? चर्चा करें।

  घर जाकर देखो, पूछो, समझो (विद्यार्थियों के लिए): 
  • विद्यार्थियों से घर जाकर इस कहानी पर चर्चा करने और परिवार के अन्य सदस्यों के विचार व अनुभव जानने के लिए कहा जाए। 
  • ऐसे व्यक्तियों के बारे में जानकारी एकत्र करें जिन्होंने शारीरिक चुनौतियों के बावजूद ऐसी उपलब्धियाँ हासिल की है जिसके लिए सामान्यतया लोग प्रयास भी नहीं करते हैं? कक्षा में साझा करें। 
   दूसरा दिन: 
  • कहानी की पुनरावृत्ति विद्यार्थियों द्वारा करवाई जाए। पुनरावृत्ति के लिए एक या कई विद्यार्थियों से कहानी सुनना, रोल प्ले करना, जोड़े में एक-दूसरे को सुनाना आदि विविध तरीके अपनाए जा सकते हैं। 
  • घर से मिले फीडबैक को विद्यार्थी छोटे समूहों में साझा कर सकते हैं। कुछ विद्यार्थियों को घर के अनुभव कक्षा में साझा करने के अवसर दिए जाएँ। 
  • पहले दिन के चिंतन के प्रश्नों का प्रयोग शेष विद्यार्थियों के लिए पुन: किया जा सकता है। 
चर्चा के लिए कुछ अन्य प्रश्न: 
1. सभी में सोचने-समझने की असीम मानसिक क्षमाताएँ होने के बावज़ूद सभी लोग बड़ी उपलब्धियाँ हासिल क्यों नहीं कर पाते?
2. शारीरिक ताकत अधिक होने के बाद भी कुछ लोग बड़ी उपलब्धियाँ हासिल क्यों नहीं कर पाते?
3. आपने अपने मन की ताकत के आधार पर क्या करने के किए सोचा है? कक्षा में सभी के साथ साझा करें।
4. कुछ लोग परिस्थितियों में थोड़ा सा बदलाव होते ही परेशान हो जाते हैं, किंतु कुछ लोग परिस्थितियों के विपरीत होने पर भी सफलता प्राप्त कर लेते हैं। ऐसा होने के कौन-कौनसे कारण हो सकते हैं? चर्चा करें।

चर्चा की दिशा अकसर यह देखने में आता है कि कुछ लोग शारीरिक ताकत कम होने के बावज़ूद अपने मजबूत मनोबल से अपनी सभी दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति करते हैं और समय आने पर बड़ी उपलब्धियाँ भी हासिल कर लेते हैं, जैसे- हेलेन केलर, स्टीफन हॉकिंग और सुधा चंद्रन आदि। वहीं कुछ लोग शारीरिक ताकत अधिक होने पर भी प्रतिकूल परिस्थितियों में बहुत अधिक चिंतित हो जाते हैं। ऐसे लोग अपनी क्षमताओं से अवगत नहीं होते हैं। इस कहानी और प्रश्नों के माध्यम से विद्यार्थियों का ध्यान मन की ताकत की ओर दिलाने का प्रयास किया गया है ताकि बच्चों को यह स्पष्ट हो जाए कि शारीरिक बल और मनोबल दो अलग-अलग वास्तविकताएँ हैं। इससे प्रत्येक विद्यार्थी में यह भरोसा जगेगा कि वे अपने मन की ताकत से जीवन में सभी कार्यों में सफलताएँ हासिल कर सकते हैं, फिर चाहे शारीरिक ताकत कम ही क्यों न हो।

------------------------------------------------
  1. अलेक्जेंडर और डायोगनीज
  2. मन के अंदर महल
  3. राबिया की सूई
  4. क्या असली तो क्या नकली
  5. कितनी ज़मीन
  6. अहंकार का कमरा
  7. पगड़ी
  8. मेरी पहचान
  9. अरुणिमा सिन्हा
  10. सुकरात के तीन सवाल
  11. तीन मज़दूर तीन नज़रिए
  12. निर्मल पानी
  13. कौन बोल रहा है
  14. पतंग की डोर 
  15. बड़ा आदमी
  16. भाई है बोझ नहीं 
  17. मिल-जुलकर 
  18. दूध में चीनी

8. मेरी पहचान


उद्देश्य: यह समझना कि हमारी पहचान हमारी वस्तुओं से नहीं, परंतु हम जैसे हैं, उससे होती है।
समय: कम से कम दो पीरियड अथवा शिक्षक के संतुष्ट होने तक

कहानी:
फोर्ड एक बड़े उद्योगपति थे फिर भी अपने ऑफ़िस और फ़ैक्टरी में बिलकुल साधारण कपड़ों में आते-जाते थे। यह देखकर उनके सभी कर्मचारी बहुत आश्चर्य करते और आपस में बातें करते कि बॉस के पास इतना पैसा है फिर भी वे इतने साधारण कपड़ों में ऑफ़िस आ जाते हैं। एक दिन उनकी सेक्रेटरी ने हिम्मत कर उनसे कह दिया, “सर, आपके पास इतना पैसा है कि आप सारी दुनिया से, एक से बढ़कर एक कपड़े मँगवा सकते है फिर भी आप इतने सादा कपड़ों में ऑफ़िस क्यों आ जाते हैं? हेनरी फोर्ड मुस्करा दिए और बोले, “यहाँ सब जानतें हैं कि मैं कौन हूँ। मैं महँगे कपड़े पहनकर सबको यह दिखाने की चिंता क्यों करूँ कि मैं हेनरी फोर्ड हूँ। कुछ दिनों बाद हेनरी फोर्ड वर्ल्ड टूर पर गए। वे बहुत सी जगहों पर गए, लेकिन उन्होंने साधारण कपड़े ही पहन रखे थे। उनकी सेक्रेटरी ने उनसे कहा, “सर, आपको यहाँ कोई नहीं जानता है, इसीलिए आपको महँगे और अच्छे कपड़े पहनना चाहिए!” हेनरी फोर्ड फिर मुस्करा दिए और बोले, “मैं पहनावे की चिंता क्यों करूँ और वह भी उन लोगों के लिए जो मुझे जानते ही नहीं।"

चर्चा के लिए प्रस्तावित प्रश्न: 
1. क्या समाज में उन सभी लोगों की पहचान होती है जो अच्छे (महँगे, ब्रांडेड,वैरायटी)कपड़े पहनते हैं? चर्चा करें कि किसी भी व्यक्ति की पहचान उसके अच्छे कपड़ों की मोहताज नहीं है।
2. किन-किन आधारों पर कोई व्यक्ति समाज में अपनी पहचान बना पाता है? आप अपनी पहचान बनाने के लिए क्या क्या प्रयत्न करेंगे?
3. कोई एक नाम बताओ जिसकी कोई पहचान है तथा जिनसे आप प्रभावित हैं। यह भी बताओ की उनकी पहचान की मुख्य वजह क्या है?

घर जाकर देखो, पूछो, समझो (विद्यार्थियों के लिए): 
अपने आस-पास मौजूद लोगों में यह देखने का प्रयास करें की आप जिन्हें पहचानते हैं उन्हें आप उनके पहनावे के कारण ही पहचानते है या उनकी कोई विशेषता के कारण पहचानते हैं। साथ ही यह भी ध्यान दें की जिन व्यक्तियों की आपके अनुसार पहचान है वह अपने पहनावे पर अधिक ध्यान देते हैं या व्यवहार पर।

दूसरा दिन अथवा आगे: 
पिछले दिन की कहानी पर एक बार पूरी तरह से कक्षा में पुनरावृत्ति की जाए। कहानी की पुनरावृत्ति विद्यार्थियों द्वारा की जाए, आवश्यकता होने पर शिक्षक उसमें सहयोग कर सकते हैं। घर से मिले फीडबैक के आधार पर पिछले दिन के चर्चा के प्रश्नों को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थी छोटे समूह में बातचीत करेंगे। पहले दिन के चिंतन के प्रश्नों का प्रयोग शेष विद्यार्थियों के लिए पुन: किया जा सकता है।

चर्चा के लिए कुछ अन्य प्रश्न: 
1. क्या आपके अच्छी तरह परिचित व्यक्ति के उसके खराब कपड़े पहनने से उसकी पहचान बदल जाएगी? कारण बताओ।
2. व्यक्ति की पहचान अच्छे और महँगे कपड़ों से है या व्यक्ति के गुणों से? कुछ प्रसिद्ध लोगों के उदाहरण देकर बताएँ, उनके कुछ गुण भी बताएँ। (शिक्षक महात्मा गांधी का उदाहरण शेयर कर सकते हैं यदि किसी विद्यार्थी से यह उदाहरण न आए।)
3. क्या किसी की पहचान का उसके कपड़ों से कोई लेना देना है? (यदि किसी डॉक्टर ने सफेद कोट नहीं पहना तो क्या वह डॉक्टर नहीं है या किसी के सफेद कोट पहनने से वह डॉक्टर हो जाएगा?

चर्चा की दिशा: हम अकसर दूसरों की नज़र में अच्छे दिखना चाहते हैं और इसके कई प्रयास करते है। जैसे- अच्छे कपड़े पहनना, नया पेन या पेंसिल लाना, कोई खिलौना लेकर आना आदि। हमें लगता है कि सामान से ही हमारी पहचान है। परंतु इस ओर ध्यान जाना आवश्यक है ही किसी व्यक्ति कि पहचान उसके पहनावे से समाप्त नहीं हो जाती। उदाहरण के लिए:एक नर्स बिना नर्स कि ड्रेस के भी नर्स ही रहेगी।

------------------------------------------------
  1. अलेक्जेंडर और डायोगनीज
  2. मन के अंदर महल
  3. राबिया की सूई
  4. क्या असली तो क्या नकली
  5. कितनी ज़मीन
  6. अहंकार का कमरा
  7. पगड़ी
  8. मेरी पहचान
  9. अरुणिमा सिन्हा
  10. सुकरात के तीन सवाल
  11. तीन मज़दूर तीन नज़रिए
  12. निर्मल पानी
  13. कौन बोल रहा है
  14. पतंग की डोर 
  15. बड़ा आदमी
  16. भाई है बोझ नहीं 
  17. मिल-जुलकर 
  18. दूध में चीनी

7. पगड़ी


कहानी का उद्देश्य: विद्यार्थियों को अपने अहंकार का पोषण करने वाली चीज़ों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित करना।
समय: कम से कम दो पीरियड अथवा शिक्षक के संतुष्ट होने तक

कहानी: 
एक चालाक आदमी एक सम्राट के दरबार में पाँच रुपए की चमकदार रंगों से रँगवाई गई एक सस्ती-सी पगड़ी लेकर गया। सम्राट ने उस पगड़ी को देखकर पूछा, “इस पगड़ी के क्या दाम हैं?” उस आदमी ने कहा, “एक हजार स्वर्ण मुद्राएँ।” सम्राट हँसा और पूछा- एक हजार स्वर्ण मुद्राएँ कैसे? सम्राट के वज़ीर ने सम्राट को उस चालाक आदमी से सावधान रहने को कहा। जब उस आदमी ने कहा कि अब मैं चलता हूँ तो सम्राट ने पूछा, “क्यों आए थे और क्यों जा रहे हो?” उसने कहा कि मैंने जिस आदमी से यह पगड़ी ख़रीदी थी उससे मैंने भी यही प्रश्न पूछा था कि यह पगड़ी एक हजार स्वर्ण मुद्राओं की कैसे? उस आदमी ने मुझे बताया था कि इस दुनिया में एक ऐसा सम्राट है जो इसके पाँच हजार स्वर्ण मुद्राएँ दे सकता है। किंतु मुझे लगता है कि यह उस सम्राट का नहीं है जिसे मैं खोज रहा हूँ। मुझे किसी और सम्राट के दरबार में जाना पड़ेगा। यह सुनते ही उस सम्राट ने कहा, “दस हजार स्वर्ण मुद्राएँ इसे दे दी जाएँ और पगड़ी ख़रीद ली जाए। जब वह आदमी रुपए लेकर दरबार से बाहर निकल रहा था तो वज़ीर ने उससे पूछा कि पाँच रुपए की पगड़ी को दस हजार स्वर्ण मुद्राओं में बेचने का राज़ क्या है? उस आदमी ने वज़ीर के कान में कहा, “मित्र, इसका राज है आदमी की कमज़ोरी।” वज़ीर ने पूछा, “क्या है आदमी की कमज़ोरी?” उसने जवाब दिया कि आदमी की कमज़ोरी है- अहंकार। वह मानता है कि मैं ही श्रेष्ठ हूँ? ‘आप ही सबसे श्रेष्ठ हैं’ मैंने यह जताकर सम्राट के अहंकार का पोषण कर दिया और पाँच रुपए की पगड़ी दस हजार स्वर्ण मुद्राओं में बिक गई।

चर्चा के लिए प्रस्तावित प्रश्न: 
1. क्या आपने भी कभी दिखावे के लिए कोई महँगी चीज़ ख़रीदी है? क्या और क्यों?
 2. ऐसे कौन से गुण हैं जो आप में नहीं हैं या बहुत कम हैं फिर भी आप उनके होने का दिखावा करते हैं? घर जाकर देखो, पूछो, समझो (विद्यार्थियों के लिए):
  • विद्यार्थियों से घर जाकर इस कहानी पर चर्चा करने और परिवार के अन्य सदस्यों के विचार व अनुभव जानने के लिए कहा जाए। 
  • विद्यार्थियों को अपने आसपास यह देखने के लिए कहा जाए कि लोग किस तरह अपना अहंकार बढ़ाने में लगे हुए हैं। 
  दूसरा दिन अथवा आगे: 
  • विद्यार्थियों द्वारा कहानी की पुनरावृत्ति करवाएँ। 
  • घर से मिले फीडबैक को विद्यार्थी छोटे समूहों में साझा कर सकते हैं। कुछ विद्यार्थियों को घर के अनुभव कक्षा में साझा करने के अवसर दें। 
  • पहले दिन के चर्चा के प्रश्नों का प्रयोग शेष विद्यार्थियों के लिए पुन: किया जा सकता है। 
चर्चा के लिए कुछ अन्य प्रश्न: 
1. हम महँगी चीज़े किन-किन कारणों से ख़रीदते हैं? 
2. जब हम पहचान और सम्मान पाने के लिए महँगी चीज़े खरीदते हैं तो क्या यह उद्देश्य पूरा होता है? यदि नहीं, तो फिर ऐसा क्यों करते हैं? 

चर्चा की दिशा: यदि कोई व्यक्ति किसी बात में सिर्फ़ स्वयं को ही श्रेठ मानने लगता है तो इस भ्रम को ‘अहंकार’ कहते हैं। ज्ञान के साथ-साथ विनम्रता बढ़ती है। अहंकार के साथ-साथ क्रोध बढ़ता है। यदि समय के साथ-साथ अपनों की संख्या बढ़ रही है तो यह इस बात का प्रमाण है कि हमारी समझ बढ़ रही है और अपनों की संख्या घट रही है तो यह इस बात का प्रमाण है की हमारा अहंकार बढ़ रहा है। समझदार व्यक्ति अपने व्यवहार, विचार और उपयोगिता से स्वयं में सम्मान पूर्वक जीता है। नासमझ व्यक्ति दिखावे से सम्मान पाने की अपेक्षा रखता है और स्वयं भ्रम में रहते हुए दूसरों को भ्रमित समझता है। इस कहानी के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने अहंकार का पोषण करने वाली चीज़ों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया है।

------------------------------------------------
  1. अलेक्जेंडर और डायोगनीज
  2. मन के अंदर महल
  3. राबिया की सूई
  4. क्या असली तो क्या नकली
  5. कितनी ज़मीन
  6. अहंकार का कमरा
  7. पगड़ी
  8. मेरी पहचान
  9. अरुणिमा सिन्हा
  10. सुकरात के तीन सवाल
  11. तीन मज़दूर तीन नज़रिए
  12. निर्मल पानी
  13. कौन बोल रहा है
  14. पतंग की डोर 
  15. बड़ा आदमी
  16. भाई है बोझ नहीं 
  17. मिल-जुलकर 
  18. दूध में चीनी

6. अहंकार का कमरा


कहानी का उद्देश्य: इस कहानी के माध्यम से चर्चा करें और कोशिश करें कि विद्यार्थियों का ध्यान इस ओर चला जाए कि कि बहुत बार हम ज़रूरतों को भूलकर किस तरह अहंकार या दिखावे के अंतहीन फेर में पड़ जाते हैं. समय: कम से कम दो पीरियड अथवा शिक्षक के संतुष्ट होने तक

कहानी: 
एक आदमी ने बहुत बड़ा घर बनाया। उसमें उसने सौ कमरे बनवाए, लेकिन उस घर में वह और उसकी पत्नी दो लोग ही रहते थे। जब भी कोई मेहमान आता बड़ी शान से घर का एक-एक कमरा दिखाते। उसमें लगे मूल्यवान संगमरमर के पत्थर के बारे में बताते। खिड़की दरवाज़ों में लगे महँगे सामान की ओर ध्यान दिलाते। अपने घर में आने वाले हर आदमी को वह दूसरे कमरे में ले जाना कभी नहीं भूलते थे। एक बार एक संत उनके घर आकर ठहरे संत को भी उन्होंने अपना पूरा घर दिखाया। संत ने पूछा कि आप पति-पत्नी का काम एक कमरे में चल जाता है बाकी निन्यानवे कमरों में कौन रहता है। उन्होंने कहा कि कोई नहीं रहता। संत ने कहा- नहीं, जब से मैं इस घर में आया हूँ मुझे यह अनुभव हो रहा है कि आपके हर कमरे में कोई बीमारी रहती है। पति-पत्नी के मन में थोड़ा डर बैठ गया। संत के प्रति उनके मन में बहुत सम्मान था। उन्हें लगा कि पहुँचे हुए संत हैं, शायद उन्हें हमारे घर में किसी भूत-प्रेत के रहने का पता चला है। वे घबरा गए। संत ने कहा आपके निन्यानवे कमरों में भूत-प्रेत से भी ज़्यादा खतरनाक बीमारी रहती है, लेकिन मैं यह आपको अभी नहीं बताऊँगा कि आपके घर में क्या बीमारी है। यह मैं दो-चार महीने में जब दोबारा आऊँगा तब आपको बताऊँगा कि आपको क्या बीमारी है, लेकिन मैं चाहता हूँ कि आप इसका इलाज अभी से शुरू कर दें। पति-पत्नी दोनों संत के प्रति काफ़ी सम्मान रखते थे, उन्होंने पूछा कि बीमारी नहीं बता रहे तो इलाज ही बता दीजिए। हम इलाज शुरू कर देंगे। संत बोले कि अब से जो भी मेहमान आपके घर में आए उसे अपने कमरे दिखाने मत ले जाना। अगर मेहमान रुकने आए तो उसे केवल उसके रुकने के कमरे में ले जाना, लेकिन उससे कीमती संगमरमर और महँगे साजो-सामान पर चर्चा मत करना। दो महीने बाद संत वापस लौटे। उन्होंने पति-पत्नी से पूछा कि आपके घर में मौजूद बीमारी का जो इलाज मैंने आपको बताया था, क्या आप वह कर रहे हैं। दोनों के दोनों ने हामी भरी। संत ने पूछा कि आप बीमारी के बारे में नहीं जानना चाहोगे? पति-पत्नी ने कहा कि बीमारी को हम ख़ुद जान चुके हैं। हमारे घर में एक कमरे में हम रहते थे और 99 कमरों में हमारे अहंकार की बीमारी रहती थी। जब से आपने हमें मेहमानों को कमरे दिखाने और उसमें लगे साजो-सामान की कीमत बताने से मना किया तब से हमें पता चला कि वास्तव में हम कमरे नहीं दिखा रहे होते थे बल्कि अपने अहंकार की तुष्टि कर रहे होते थे। संत की समझ में आ गया कि पति-पत्नी अपनी बीमारी को पहचान चुके हैं। उसके बाद वे भी अपनी ज़रूरत के जितना एक घर लेकर ख़ुशी से रहने लगे।

चर्चा के लिए प्रस्तावित प्रश्न : 
1. हम कोई वस्तु अपने पास ज़्यादा मात्रा में क्यों रखना चाहते हैं?
2. जब आपके साथ कोई दिखावा करता है तो आपको कैसा लगता है?
3. क्या कभी आपने भी किसी के आगे दिखावा किया है? क्यों और कैसे?
4. परीक्षा में सबसे ज़्यादा नंबर लाकर, जब हम सबको अपने सबसे ज़्यादा नंबर लाने की बात बताते हैं तो वह ज़रूरत है या अहंकार की पुष्टि?
5. एक अच्छा पेन लाना, भले ही वह महँगा हो लेकिन हमारे लिखने की ज़रूरत को ठीक से पूरा करता हो, बीच में रुकता ना हो, हमारी ज़रूरत है या अहंकार?
6. एक मशहूर कंपनी वाले या महँगे पेन को अपने साथियों को दिखाना ज़रूरत है या अहंकार की पुष्टि?
7. कुछ लोग अपने महंगे सामान की कीमत बार-बार सब को बताते रहते हैं यह उनकी ज़रूरत है या अहंकार और दिखावा?
8. अपने आसपास की ज़िंदगी में ऐसे पाँच उदाहरण ढूँढकर लाए जो आपके अनुसार लोगों की ज़रूरत नहीं थे फिर भी दिखावे या अहंकार की पुष्टि के लिए वह किए गए। ( यहां कोशिश करें कि छात्र जन्मदिन पर दिए जाने वाले तोहफ़े, दहेज या शादी ब्याह में होने वाले अनावश्यक खर्च की ओर भी अपना ध्यान लेकर जाएँ।)

घर जाकर देखो, पूछो, समझो (विद्यार्थियों के लिए): 
1. विद्यार्थियों से घर जाकर इस कहानी पर चर्चा करने और परिवार के अन्य सदस्यों के विचार जानने के लिए कहा जाए।

दूसरा दिन अथवा आगे: 
1. पिछले दिन की कहानी की पुनरावृत्ति विद्यार्थियों से करवाएँ।
 2. पिछले दिन के चर्चा के कुछ प्रश्नों का प्रयोग पुनर्विचार के लिए कर सकते हैं।
3. घर से मिले फीडबैक के आधार पर विद्यार्थी छोटे समूहों में बातचीत करें। उनके कुछ विचार पूरी कक्षा के सामने प्रस्तुत करवाए जा सकते हैंI

चर्चा के लिए कुछ अन्य प्रश्न: 
1. जब कभी कोई ख़ुद को दूसरों से बड़ा या बेहतर दिखाने की कोशिश करता है, तो सामान्यत: उन लोगों द्वारा सामने किए जा रहे व्यवहार और मन में चल रहे विचार में क्या अंतर लगता है?
2. आप ऐसा एक पल साझा कीजिए जब आपने किसी का ख्याल रखा या आप किसी के काम आए। उस पल आपको कैसा लगा था?
3. कोई हमारा सच्चा सम्मान कब करता है? (उदाहरण: जब हमारे पास उससे अधिक या बड़ी वस्तुएँ होती हैं या जब हम उसके किसी काम आते हैं?) अन्य कारण बताएँI

क्या करें और क्या न करें: 
1. चिंतन के लिए प्रश्न का जवाब देने का अवसर हर विद्यार्थी को दिया जाए, पर बोलने के लिए दबाव न हो।
2. जब बच्चे दिखावे से संबंधित कोई शेयरिंग करते हैं तो उनका मज़ाक न उड़ाया जाए I

चर्चा की दिशा: सम्मान दिखावे में नहीं बल्कि किसी के जीवन में उसकी उपयोगिता एवं श्रेष्ठता की स्वीकृति से है। हम ऐसा मान लेते हैं की भौतिक सुविधा से सुख और सम्मान हमें प्राप्त हो जाएगा। हमें जब तक पता ही न हो कि हमें कितने की आवश्यकता है तो हम और सामान बटोरते रहेंगे और असुरक्षित महसूस करते रहेंगे। उस असुरक्षा को छिपाने के लिए हम और दिखावे की ओर बढ़ते हैं।

------------------------------------------------
  1. अलेक्जेंडर और डायोगनीज
  2. मन के अंदर महल
  3. राबिया की सूई
  4. क्या असली तो क्या नकली
  5. कितनी ज़मीन
  6. अहंकार का कमरा
  7. पगड़ी
  8. मेरी पहचान
  9. अरुणिमा सिन्हा
  10. सुकरात के तीन सवाल
  11. तीन मज़दूर तीन नज़रिए
  12. निर्मल पानी
  13. कौन बोल रहा है
  14. पतंग की डोर 
  15. बड़ा आदमी
  16. भाई है बोझ नहीं 
  17. मिल-जुलकर 
  18. दूध में चीनी

5. कितनी ज़मीन


उद्देश्य: बच्चों का ध्यान अपनी आवश्यकताओं की ओर ले जाना और यह पहचानने के लिए की हमारी भौतिक आवश्यकताएँ सीमित होती है; तथा अधिक संग्रह की होड़ में पड़ने के परिणाम से अवगत कराना।
समय: कम से कम दो पीरियड अथवा शिक्षक की संतुष्ट होने तक

कहानी:
एक आदमी के घर किसी दिन एक मुसाफिर मेहमान आया। रात के समय बातों ही बातों में मुसाफिर ने कहा, वहाँ से कुछ दूर एक गाँव है जहाँ पर ज़मीन इतनी सस्ती है कि मानो मुफ्त ही मिलती हो। वहाँ हज़ारों एकड़ ज़मीन मिल सकती है वह भी करीब-करीब मुफ्त में। उस आदमी का लोभ जगा। उसने दूसरे दिन ही उस गाँव की राह पकड़ी और जब पहुंचा तो उसने कहा कि मैं ज़मीन खरीदना चाहता हूँ। गाँव वालों ने कहा कि तुम जितना पैसा लाए हो, रख दो। ज़मीन खरीदने का तरीका यह है कि कल सुबह सूरज उगने से पहले तुम निकल पड़ना और श्याम के सूरज के अस्त होने तक जितनी ज़मीन तुम घेर सको, वह तुम्हारी होगी। वह आदमी रात-भर सो न सका। योजनाएँ बनाता रहा कि कितनी ज़मीन घेर लूँ। सुबह होते ही भाग निकला। उसने साथ अपनी रोटी और पानी का भी इंतज़ाम कर लिया था, यह सोचकर कि रास्ते में यदि भूख-प्यास लगे तो दौड़ते-दौड़ते ही खा-पी लूँगा। उसने सोचा था कि ठीक बारह बजे लौट आऊँगा ताकि सूरज डूबते-डूबते वापस पहुँच जाऊँ। उसने दोपहर तक मीलों का सफ़र पूरा कर लिया। उसके मन में विचार आया कि दोपहर हो गई और मुझे लौटना चाहिए, लेकिन सामने और उपजाऊ ज़मीन दिखाई दी और यह खयाल आया कि थोड़ी-सी और ज़मीन घेर लेता हूँ। ज़रा तेज़ी से दौड़ना पड़ेगा लौटते समय। उसने खाना भी न खाया, पानी भी नहीं पीया, क्योंकि रुकना पड़ेगा। रास्ते में उसने खाना भी फेंक दिया और पानी भी फेंक दिया, क्योंकि उनका वजन भी ढोना पड़ा रहा था। उसने कोट भी उतार दिया और टोपी भी उतार दी। जितना हल्का हो सकता था, हो गया। दोपहर बीत गई पर लौटने का मन नही हुआ। तीसरा पहर हो गया। लौटना शुरु किया, परन्तु अब उसके मन में घबराहट थी। सारी ताकत लगाई, लेकिन अब वह थक चुका था। अब सूरज डूबने लगा था। वह गाँव के करीब पहुँचने लगा था और उसे लोग दिखाई पड़ने लगे। गाँव के लोग खड़े थे और आवाज़ दे रहे थे कि आ जाओ, आ जाओ! उसने दौडऩे में आखिरी दम लगा दिया। सूरज डूबने लगा। इधर सूरज डूब रहा था, उधर वह गाँव की तरफ़ भाग रहा था। सूरज डूबते-डूबते वह आदमी गिर पड़ा। अभी सूरज की आखिरी कोर क्षितिज पर रह गई थी। वह किसी तरह अपने आपको गाँव की ओर घसीटकर ले जाने का प्रयास कर रहा था, परंतु सूरज डूब गया और वह थककर बेहोश हो गया। वहाँ मौजूद लोग हँसे और आपस में बातें करने लगे कि अब तक ऐसा एक भी आदमी नहीं आया जो घेरकर ज़मीन का मालिक बन पाया हो।

चर्चा के लिए प्रश्न: 
1. क्या अपनी आवश्यकता से कई ज़्यादा पाने की लालसा की वजह से आपको भी कभी कोई नुकसान हुआ है? कैसे?
2. कौन-कौनसी चीज़े लोग अपनी आवश्यकता से अधिक इकट्ठा करते हैं? सूची बनाइए। 3. आप भी कौन-कौनसी चीज़े अपनी आवश्यकता से अधिक एकत्रित करते हैं? कक्षा में साझा करें। घर जाकर देखो, पूछो, समझो (विद्यार्थियों के लिए):
  • विद्यार्थियों से घर जाकर इस कहानी पर चर्चा करने और परिवार के अन्य सदस्यों के विचार व अनुभव जानने के लिए कहा जाए। 
  • विद्यार्थियों को अपने आसपास यह देखने के लिए कहा जाए कि लोग कौन-कौन सी चीज़ें अपने आवश्यकताओं से अधिक संग्रह करने में लगे हुए हैं। 
दूसरा दिन: 
  • कहानी की पुनरावृत्ति विद्यार्थियों द्वारा करवाई जाए। 
  • घर से मिले फीडबैक को विद्यार्थी छोटे समूहों में साझा कर सकते हैं। कुछ विद्यार्थियों को घर के अनुभव कक्षा में साझा करने के अवसर दिए जाएँ। 
  • पहले दिन के चर्चा के प्रश्नों का प्रयोग शेष विद्यार्थियों के लिए पुन: किया जा सकता है। 
चर्चा के लिए कुछ अन्य प्रश्न: 
1. कुछ चीज़ें हम अपनी आवश्यकता से अधिक इकट्ठा क्यों करते हैं? क्या इससे वह उद्देश्य पूरा होता है जिसके लिए ऐसा करते हैं?
2. हम अपनी आवश्यकताओं को कैसे तय कर सकते हैं कि किस चीज़ की कितनी ज़रूरत है? कक्षा में चर्चा करें।

चर्चा की दिशा: अभी बहुत से लोग अपने आवश्यकताओं को ठीक से तय नहीं कर पाने के कारण आवश्यकताओं से बहुत अधिक संग्रह करते हुए दिखाई पड़ते हैं। उनका ऐसा मानना है कि हमारी आवश्यकताओं की कोई सीमा नहीं है और सामग्री सीमित है तो संग्रह के अलावा कोई चारा नहीं और उसकी कोई सीमा भी तय नहीं है। इसलिए ज़िंदगी भर संग्रह के लिए कड़ी मेहनत करते हैं। ऐसे में काफ़ी समय इस भ्रम के साथ जीते हुए हमारा स्वास्थ्य और संबंधियों का साथ भी छूटता है और जो मन कि आवश्यक्तयों को पूरा करने निकले थे (जैसे सम्मान, विश्वास) वह अस्थायी रहती है। इस कहानी के माध्यम से विद्यार्थियों का ध्यान अपनी आवश्यकताओं की ओर ले जाने का प्रयास किया गया है ताकि आगे चलकर वे भौतिक वस्तुओं का सही मूल्यांकन कर सकें और अपनी भावनात्मक आवश्यकताओं को भी पहचानने की ओर बढ़ें।

------------------------------------------------
  1. अलेक्जेंडर और डायोगनीज
  2. मन के अंदर महल
  3. राबिया की सूई
  4. क्या असली तो क्या नकली
  5. कितनी ज़मीन
  6. अहंकार का कमरा
  7. पगड़ी
  8. मेरी पहचान
  9. अरुणिमा सिन्हा
  10. सुकरात के तीन सवाल
  11. तीन मज़दूर तीन नज़रिए
  12. निर्मल पानी
  13. कौन बोल रहा है
  14. पतंग की डोर 
  15. बड़ा आदमी
  16. भाई है बोझ नहीं 
  17. मिल-जुलकर 
  18. दूध में चीनी